Friday, February 13, 2026
Homeराज्यदिल्ली: कलस्टर बस दुर्घटनाग्रस्त, एक राहगीर की मौत चार घायल

दिल्ली: कलस्टर बस दुर्घटनाग्रस्त, एक राहगीर की मौत चार घायल

– हादसे में एक राहगीर की मौत, तीन पुलिसकर्मी समेत चार घायल

अश्वनी शर्मा
नई दिल्ली(हि.स.)। उत्तरी दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके में गुरुवार रात एक बेकाबू कलस्टर बस दो राहगीरों को कुचलते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के बूथ में जा घुसी। हादसे में एक राहगीर की मौत हो गई, जबकि तीन पुलिसकर्मी समेत चार लोग जख्मी हो गए हैं।
घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं अब तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी पहचान में जुटी है। हादसे के बाद कलस्टर बस का चालक मौके से फरार हो गया है। 
सराय रोहिल्ला थाना पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपित की तलाश कर रही है। प्रत्यक्षदर्शी ने दावा किया है कि बस का ब्रेक फेल होने की वजह से हादसा हुआ है। पुलिस बस का मैकेनिकल इंस्पेक्शन करवाने की तैयारी कर रही है। जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी मदद ली जा रही है।
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसा सराय रोहिल्ला इलाके में कमल टी-प्वाइंट के पास हुआ। डीटीसी की कलस्टर बस देशबंधु गुप्ता रोड की ओर से आ रही थी। बस में चालक और अन्य स्टाफ के अलावा पांच-छह सवारियां मौजूद थी। अचानक कमल टी-प्वाइंट के पास बस बेकाबू हो गई। बस ने दो राहगीरों को कुचलते हुए सड़क किनारे बने ट्रैफिक पुलिस से टकरा गई।  
हादसे में दोनों राहगीरों के अलावा तीन ट्रैफिक पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं। घायल एएसआई गोविंद, हवलदार ऋषिपाल और एसआई किशन कुमार एवं दोनों राहगीरों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां एक राहगीर को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि राम कुमार (50) का अस्पताल में इलाज जारी है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गोविंद और ऋषिपाल करोलबाग ट्रैफिक सर्किल में तैनात हैं। वहीं एसआई किशन रोहिणी सर्किल में तैनात हैं। हादसे के समय किशन दोनों से मिलने इनके बूथ पर आए हुए थे। घटना की खबर मिलते ही क्राइम टीम के अलावा पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस आरोपित बस चालक की तलााश कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular