मेरठ (हि.स.)। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर दोपहिया वाहनों को रोकने के लिए पुलिस का चालान काटो अभियान लगातार जारी है। सोमवार को एसपी यातायात जेके श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस ने एक्सप्रेसवे पर बड़ी संख्या में दोपहिया वाहनों के चालान काटे।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर दोपहिया, तीन पहिया और कृषि वाहनों के चलने का पाबंदी है। इसके बाद भी प्रतिबंधित वाहनों का धड़ल्ले से एक्सप्रेसवे पर संचालन हो रहा है। दोपहिया वाहनों के कारण एक्सप्रेसवे पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। प्रतिबंधित वाहनों को रोकने के लिए पुलिस ने उनके 20-20 हजार रुपए तक के चालान भी काटे हैं, लेकिन दोपहिया वाहन फिर भी एक्सप्रेसवे पर चल रहे हैं। इसकी शिकायत मेरठ पुलिस प्रशासन के साथ-साथ केंद्रीय परिवहन मंत्रालय तक की गई है।
सोमवार को ट्रैफिक पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों के चालान काटे। एसपी यातायात जेके श्रीवास्तव ने खुद दोपहिया वाहन चालकों को एक्सप्रेसवे पर चढ़ने से रोका। इस दौरान बड़ी संख्या में दोपहिया वाहनों के चालान काटे गए। कई वाहन चालकों को समझा कर वापस लौटाया गया। काशी टोल प्लाजा पर यातायात पुलिस ने डेरा जमाया हुआ है। एसपी यातायात का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर प्रतिबंधित वाहनों का आवागमन नहीं होने दिया जाएगा। प्रतिबंधित वाहनों के लगातार चालान काटे जाएंगे।
कुलदीप
