Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशदिनेश लाल यादव ने आजमगढ़ से भरा पर्चा, बोले- सपा लड़ाई से...

दिनेश लाल यादव ने आजमगढ़ से भरा पर्चा, बोले- सपा लड़ाई से बाहर

– भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी रहे मौजूद

आजमगढ़ (हि.स.)। आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए सोमवार को भाजपा उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करने के बाद दिनेश लाल यादव “निरहुआ” ने कहा कि सपा लड़ाई से बाहर है।उन्होंने कहा कि आजमगढ़ के लोग अब भाजपा से जुड़ना चाहते हैं। ये लोग जाति पर नहीं बल्कि भाजपा सरकार के काम पर वोट करेंगे।

निरहुआ के नामांकन दाखिल करने के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह भी मौजूद रहे। निरहुआ ने कहा कि पिछली बार महागठबंधन था, लेकिन इस बार गठबंधन टूट गया है। इस कारण उनकी जीत पक्की है। उन्होंने कहा कि अब आजमगढ़ के लोग जाति पर नहीं बल्कि भाजपा सरकार के काम पर वोट देंगे। आजमगढ़ के लोग अब भाजपा से जुड़ना चाहते हैं। अब तक वे जहां-जहां गये हैं सभी लोगों ने यह कहा है कि जाति धर्म के नाम बहुत देख लिया, लेकिन इस बार भाजपा की दोनों जगह सरकार है तो भाजपा को ही वोट देंगे। उन्होंने दावा किया कि उनकी लड़ाई सपा से नहीं बल्कि बसपा से है।

स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि भाजपा के लोकप्रिय उम्मीदवार दिनेश लाल यादव को पिछली बार भी जबरदस्त आशीर्वाद मिला था। वह आर्शिवाद अब उपचुनाव में काम आएगा। इस बार आजमगढ़ के लोगों का मन बन चुका है कि भाजपा का कमल खिलाना है और दिनेश लाल यादव को लोकसभा में भेजना है। सिंह ने दावा किया सामाजिक समीकरण के हिसाब से भाजपा का बसपा से सीधा मुकाबला है।

राजीव/दीपक

RELATED ARTICLES

Most Popular