Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशदिनदहाड़े घर में घुसकर जानलेवा हमला एवं लूट, व्यापारियों में आक्रोश

दिनदहाड़े घर में घुसकर जानलेवा हमला एवं लूट, व्यापारियों में आक्रोश

प्रयागराज(हि.स.)। नगर के चौक में लतीफ मार्केट में बुधवार की सुबह नौ बजे बदमाशों ने व्यापारी अंसार अहमद के घर में घुसकर जानलेवा हमला कर लाखों रुपये और जेवर लूट ले गये। मौके पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल कर हमलावरों की तलाश में जुट गयी है। व्यापारियों में घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है।

घर में घुसे बदमाशों ने व्यापारी अंसार अहमद पर लोहे की रॉड और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। लोगों ने घायल को जीवन ज्योति हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। प्रयागराज व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुशांत केसरवानी ने जानलेवा हमला और लूट की घटना के बाद कहा कि इस तरह कटरा के बाद चौक जैसे क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की घटना का हों जाना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और चिंता का विषय है। व्यापारी कहीं भी सुरक्षित नजर नहीं आ रहा है। घटना का अगर जल्द खुलासा नहीं होता है तो निश्चित ही व्यापारी समाज को सड़क पर उतरना पड़ेगा।

क्षेत्रीय सभासद जिया उबेद खान ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। पुलिस की सुस्त कार्य प्रणाली, मुखबिर तंत्र का कमजोर होना, क्षेत्रीय सम्मानित व्यक्तियों से बराबर संवाद ना होना भी ऐसी घटनाओं का कारण बनता जा रहा है। चेयरमैन मनीष कुमार गुप्ता ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से मांग किया कि अब इन अपराधियों को सिर्फ पकड़ना नहीं इनके साथ इनकाउंटर जैसी कार्रवाई करना अत्यंत जरूरी है। ताकि अपराधियों में खौफ पैदा हो। इस दौरान विरोध रामजी केसरवानी, आनंदजी टंडन, पप्पन भैया, जिला प्रभारी राजकुमार केसरवानी, शगुन मो. अकरम, चौक अध्यक्ष मुसाब खान, जूही श्रीवास्तव, रोशनी अग्रवाल, प्रशांत पांडेय आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।

विद्या कान्त

RELATED ARTICLES

Most Popular