मीरजापुर (हि.स.)। दहेज को लेकर पत्नी की हत्या में फरार आरोपित पति को हलिया थाना की पुलिस ने मंगलवार को गड़बड़ा धाम गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
ड्रमंडगंज क्षेत्र के बंजारी कलां गांव निवासी अजीत कुमार की पत्नी कीर्ति कोल (22) की मायके से ससुराल आने के दो दिन बाद 17 मई को संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। विवाहिता के भाई अंकित कोल ने दहेज के लिए बहन को जान से मारने का आरोप लगाते हुए हलिया थाने में बहनोई अजीत कुमार के खिलाफ तहरीर दी थी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने दहेज हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश में लग गई। मंगलवार की सुबह एएसआई सुभाषचन्द्र ने दहेज हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपित पति अजीत को गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है।
गिरजा शंकर
