-पति समेत चार के खिलाफ एफआईआर दर्ज
एटा (हि.स.)। जलेसर थाना क्षेत्र में ससुरालीजनों द्वारा गला घोंटकर विवाहिता की हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद से आरोपित फरार हैं। सूचना पर मंगलवार को मायके वालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवाहिता के पिता ने चार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
अवागढ़ थाना क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम टोडरपुर निवासी राकेश कुमार ने बताया कि 20 वर्षीय पुत्री पूजा की शादी करीब एक साल पहले हैसियत के अनुसार दानदहेज देकर जलेसर के ग्राम नगला पृथ्वी निवासी उदयवीर सिंह के साथ की थी। राकेश का आरोप है कि दहेज से नाखुश ससुरालीजन पूजा का मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने लगे। पूजा का गहना उदयवीर सिंह ने अपनी बहन के घर रख दिया। इसकी जानकारी पूजा ने मायके वालों को दी थी।
आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति उदयवीर सिंह, सास पतरी देवी, ननद गायत्री देवी, ससुर राजेन्द्र ने एकराय होकर सोमवार की रात पूजा की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसकी जानकारी शादी कराने वाले बिचौलिया ने मायके वालों को दी। इधर ससुरालीजन घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। पीड़ित की सूचना पर इलाका पुलिस पहुंच गई। शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर का कहना है कि पिता की तहरीर पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। जांच पड़ताल शुरू कर दी गई।
सुनील यादव
