Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशदस मार्च के बाद सपा बनेगी समाप्तवादी पार्टी : केशव मौर्य

दस मार्च के बाद सपा बनेगी समाप्तवादी पार्टी : केशव मौर्य

बलिया (हि. स.)। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि दस मार्च के बाद उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी का नाम बदलकर समाप्तवादी पार्टी करने जा रही है। वे फेफना के भाजपा प्रत्याशी उपेन्द्र तिवारी के लिए मंगलवार को गड़वार में चुनावी सभा को सम्बोधित कर रहे थे।

केशव मौर्य ने अपना निशाना सपा पर ही अधिक रखा। उन्होंने कहा कि सपा जैसी पार्टियों का युग अब समाप्त हो गया है। क्योंकि इन्हें सिर्फ अपने परिवार और गुंडों की चिंता है।उन्होनें कहा कि भाजपा को प्रदेश के गरीब की चिंता है। सपा का लक्ष्य आत्मनिर्भर परिवार है। जबकि भाजपा का लक्ष्य आत्मनिर्भर भारत है। सपा, बसपा और कांग्रेस को लग रहा है कि भाजपा को यूपी में रोक लेंगे तो देश में भी रोक देंगे। इसलिए सावधान रहना है।

अपनी सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से 2022 तक तो ट्रेलर था। असली विकास तो दस मार्च के बाद दिखेगा। जिस प्रकार से मोदी और योगी के नेतृत्व में गरीब कल्याण की योजनाएं चलाई उसे प्रदेश की जनता देख रही है। योगी सरकार का बुलडोजर जमीन खाली कराने के लिए चल रहा है तो अखिलेश यादव को लग रहा कि उनकी छाती पर बुलडोजर चल रहा। सभा को केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की पहली सूची में ऐसे उम्मीदवार थे, जिनमें से आधे जेल में थे और आधे बेल पर। ऐसे लोग सरकार बनाएंगे तो क्या हालत होगी।

योगी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि योगी जी ने मुजफ्फरनगर से मऊ तक आतंकियों का सफाया किया। कहा कि केन्द्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार गरीबों के साथ खड़ी है। आगे भी बहुत काम करना है। इसलिए उपेन्द्र तिवारी का फेफना से जीतना जरूरी है। सभा को भाजपा प्रत्याशी उपेन्द्र तिवारी ने भी संबोधित किया। उन्होंने अपने पांच साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाई।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, सलेमपुर के सांसद रविंदर कुशवाहा औए भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू भी थे। संचालन राजीव मोहन चौधरी ने किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular