– सुभासपा अध्यक्ष ने आशापुर कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं संग समीक्षा बैठक की
– लोकसभा चुनाव के पूर्व पार्टी संगठन को मजबूत बनाने पर दिया जोर
वाराणसी (हि.स.)। आगामी लोकसभा 2024 चुनाव को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने पार्टी संगठन को मजबूत बनाने पर खासा जोर दिया है। शनिवार को पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने लोहियानगर कालोनी आशापुर स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों संग बैठक की।
बैठक में राजभर ने पदाधिकारियों को पार्टी संगठन मजबूत बनाने के साथ चुनाव की तैयारियों को लेकर विमर्श किया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से भी बातचीत की। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए जुट गए हैं। विपक्षी दलों के गठबंधन से जुड़े सवाल पर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति और देश की राजनीति में सबसे बड़ा चेहरा बसपा सुप्रीमो मायावती का है। सामान्य और ओबीसी वर्ग का प्रधानमंत्री बन गया है, दलित वर्ग का प्रधानमंत्री बनना बाकी है। दलित समुदाय में सबसे बड़ा चेहरा मायावती है, इनसे बड़ा चेहरा देश में कोई नहीं है।
एक सवाल के जवाब में राजभर ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव दुनिया को बेवकूफ बना सकते हैं। वह राजभर को बेवकूफ बनाने चले थे, लेकिन राजभर ने उनको समझा दिया। अखिलेश यादव को समझौता करने का सहूर (गुण) नहीं है। उन्हें पहले समझौता करने का सहूर सीखना चाहिए। उन्होंने हमसे समझौता किया था की 16 सीटों पर पार्टी के उम्मीदवार लड़ेंगे लेकिन आखरी समय में उन्होंने मुझे मजबूर कर दिया और 12 उनके नेताओं को सुभासपा के सिंबल पर चुनाव लड़ाना पड़ा। अखिलेश यादव घमंड में बोल रहे हैं , शायद वह भूल गए हैं कि उन्होंने बहुजन समाज पार्टी के नेताओं को तोड़कर सरकार चलाई थी।
विपक्षी दलों के गठबंधन की आगामी बैठक से जुड़े सवाल पर राजभर ने कहा कि 07 अक्तूबर को पटना के गांधी मैदान में एक बैठक आयोजित की गई है। पटना के गांधी मैदान में वंचित शोषित जागरण महारैली करेंगे। यदि विपक्ष एकता बना रहा है, तो मायावती, नीतीश कुमार, सोनिया गांधी, जयंत चौधरी, अखिलेश यादव और उसमें हमें (ओपी राजभर) को भी ले लीजिए। ऐसे में 70 अतिरिक्त सीट लोकसभा में ही जीत जाएंगे। एसडीएम ज्योति मौर्या प्रकरण में राजभर ने ज्योति का समर्थन किया।
श्रीधर/मोहित
