मीरजापुर(हि.स.)। पिछड़ा एवं दलित वर्ग का इस्तेमाल वोट बैंक के रूप में 70 वर्षों से राजनीतिक दलों द्वारा किया जाता रहा है। इनके भले के लिए किसी दल ने नहीं सोचा। भाजपा सरकार बनने के बाद से ही दलित एवं पिछड़े वर्ग की बेहतरी के लिए कार्य किया गया है। मोदी सरकार आने के बाद से इन वर्गों में उम्मीदें जगी हैं। यह बातें बुधवार को क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के सरकोहिया कुटिया पर आयोजित बियार एकता महासमिती के कार्यकर्त्ता सम्मेलन में यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कही।
उन्होंने कहा कि 2024 को देखते हुए मोदी विजय अभियान का शुभारंभ पूर्वांचल में बुधवार से किया जा रहा है। मोदी गरीबों की लड़ाई लड़ रहे हैं और कमजोर की ताकत बन रहे हैं। देश और प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की बात करते हुए किसानों के सपनों को पूरा कर रहे हैं। परिवारवादी एवं अवसरवादी लोग दलित, राजभर, बियार, मल्लाह, केवट आदि पिछड़े वर्ग को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन इनमें इनकी दाल गलने वाली नहीं है।
इससे पूर्व गोरखी गांव में ग्राम प्रधान के आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने बताया कि कोविड काल में प्रदेश में आठ करोड़ 40 लाख श्रमिकों का ई-श्रम कार्ड पोर्टल पर अपलोड किया गया। पिछले सौ दिनों में दस हजार लोगों को सरकारी रोजगार दिया गया है और 25 हजार लोगों को प्राइवेट सेक्टर में रोजगार उपलब्ध कराया गया है। कैरियर काउंसलिंग की बात यूपी सरकार कर रही है। आने वाले छह महीनें में 50 हजार युवाओं का कैरियर काउंसलिंग कराया जाएगा।
गिरजा शंकर
