लखनऊ (हि.स.)। पूर्व सांसद एवं असंगठित कामगार कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदित राज ने कहा कि दलितों, पिछड़ों का आरक्षण समाप्त किया जा रहा है। सामान्य वर्ग की भी नौकरियां खत्म की जा रहीं हैं। वर्तमान सरकार द्वारा सब कुछ नष्ट किया जा रहा है। वह सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को सम्बोधित कर रहे थे।
कहा कि देश की सम्पित्तयां चार छः पूंजीपति खरीद रहें हैं। इस देश में हॉस्पिटल, हवाई अड्डे, बंदरगाह उद्योग कारखाने इत्यादि का निर्माण लोगों को लाभ पहुंचाने एवं नौकरी देने के लिए किया गया था। उन्होंने कहा कि यदि भारत के संविधान को बचाना है और जय भीम को बचाना है तो सबको कांग्रेस के साथ चलना पडे़गा। क्षेत्रीय दलों की सरकार में आरक्षण विरोधी कई बिल जारी हुए। क्षेत्रीय दल कभी राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में बात नहीं कर सकते इसलिए देश केवल कांग्रेस के हाथ में सुरक्षित रहेगा।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि प्रदेश में भाजपा और सपा की नूरा कुश्ती चल रही है। कुछ दिन पहले सिंचाई परियोजना का उद्घाटन मोदी ने किया। प्रदेश के जल शक्ति मंत्री का बयान आया कि 40 वर्षों से लंबित परियोजना पूरी हुई है तो सवाल है कि जिस परियोजना का शिलान्यास एवं जमीन अधिग्रहण इन्दिरा द्वारा किया गया। 32 साल से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं है। इस बीच कल्याण सिंह, रामप्रकाश गुप्ता और राजनाथ की प्रदेश में एवं अटल की देश में सरकार आयी थी क्या वह भाजपा के नहीं थे।
कहा कि जब चुनाव नजदीक आया है तो सपा, भाजपा की नूरा कुश्ती शुरू हो गयी है। बुनियादी सवाल रोजगार, किसान, गरीब, कर्मचारी, व्यापारी के हित में इन लोगों ने क्या किया?
बृजनन्दन
