लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड ने पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर और उनकी पत्नी डॉ. नूतन ठाकुर के दरोगा भर्ती परीक्षा 2020-21 में अनियमितता के संबंध में की गयी शिकायत को निराधार बताया है।
भर्ती बोर्ड ने कहा कि इस प्रकरण में ऑनलाइन परीक्षा संपन्न होने के बाद उक्त व्यवस्था के अधीन 13 अभियोग थाना महानगर लखनऊ, 17 अन्य अभियोग अन्य जनपदों में पंजीकृत किए जा चुके हैं। आवेदक के प्रार्थना पत्र में उपरोक्त से इतर किसी घटना का उल्लेख नहीं किया गया है इसलिए इस संबंध में अलग से कोई अभियोग पंजीकृत किए जाने का औचित्य नहीं है।
भर्ती बोर्ड ने अपने जवाब में कहा कि बोर्ड पारदर्शी तरीके से शुचितापूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए पूर्णतया प्रतिबद्ध है। परीक्षा के प्रत्येक स्तर पर मानवीय अभिसूचनाओं, इलेक्ट्रानिक अभिसूचनाओं का संकलन एवं डाटा का विश्लेषण किया जाता है। पुष्ट आधार पर दोषी व्यक्ति के विरुद्ध नियम के अनुसार कठोरतम कार्यवाही सुनिश्चित की जाती है। डॉ. नूतन ठाकुर के प्रार्थना पत्र में अंकित तथ्य उनके स्वयं के विचार हैं जो तथ्यों एवं साक्ष्यों पर आधारित न होकर उनकी कल्पना पर आधारित हैं।
दीपक
