– बदमाशों के भागने वाले रास्तों के फुटेज जुटा रही पुलिस टीम
वाराणसी(हि.स.)। रोहनिया थाना क्षेत्र के दरेखू में उप निरीक्षक अजय यादव को गोली मारने वाले बदमाशों के गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ताबड़तोड़ छापेमारी में जुटी हुई हैं। रोहनिया थाने में दरोगा की तहरीर पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टेक्निकल टीम के साथ पांच टीमें लगाई गई हैं।
पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश ने बताया कि बुधवार को घटना के फॉलोअप में थाना राजा तालाब एरिया में उस बुलेट के शोरूम के आसपास छानबीन की गई, जहां पर एसआई अजय यादव ने अपनी बुलेट ठीक कराई थी। सारे रूट के सीसीटीवी कैमरा फुटेज को एकत्र किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण अंचल के तेज तर्रार पुलिस कर्मियों को थाना रोहनिया पर बुलाकर, अलग-अलग टीम बनाकर टास्किंग किया गया है। रात को फिर थाना पर डिब्रीफिंग होगी।
रोहनिया दरेखू में मंगलवार शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने लक्सा थाने में तैनात दरोगा अजय यादव को गोली मारकर सरकारी पिस्टल लूट ली। बावर्दी दरोगा पर फायरिंग करने वाले बदमाशों की उम्र महज 18 से 21 साल के बीच बताई जा रही है। सभी मुंह पर मास्क लगा रखे थे। वर्दी में दरोगा अजय यादव की पिस्टल छीनकर उसी से गोली मारना, घायल दरोगा का पर्स, मोबाइल लूटकर फरार होने की घटना से पुलिस विभाग के साख पर असर पड़ा है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने दरेखू जगतपुर नहर क्षेत्र के पास दरोगा को घेर कर रोक लिया। गाली-गलौज के साथ ही तीनों बदमाशों ने वर्दी पहने दरोगा से हाथापाई भी की। इस दौरान दो बदमाशों को दरोगा अजय ने दबोच लिया। इसी बीच तीसरे ने उनकी कमर से पिस्टल निकाल कर उनके सीने में दायीं ओर गोली मार दी। गोली मारने के साथ ही बदमाश कारतूस पर्स और मोबाइल छीन कर मौके से भाग निकले। बदमाशों की गोली से घायल दरोगा अजय भागते हुए अस्पताल तक पहुंचे और डॉक्टरों को बताया कि उन्हें गोली मारी गई है। इस पर आनन-फानन उनका इलाज शुरू हुआ और ऑपरेशन कर गोली निकाली गई। घायल दरोगा अजय यादव को आईसीयू में ले जाया गया। वहां से वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। दरोगा की हालत स्थिर बताई गई है।
श्रीधर
