चंडीगढ़(हि.स.)। पंजाब से राज्य सभा सांसद राघव चढ्ढा तथा उनकी होने वाली धर्मपत्नी एवं बालीवुड अभिनेत्री परणीति चोपड़ा शनिवार की सुबह अमृतसर स्थित दरबार साहिब में माथा टेकने पहुंचे।
राघव चड्ढा व परिणीति चोपड़ा दोनों दिल्ली से देर रात अमृतसर पहुंचे। सुबह तकरीबन पांच बजे से पहले ही दोनों दरबार साहिब पहुंच गए। परिणीति चोपड़ा जहां ऑफ ह्वाइट क्रीमिश सूट में दिखीं, वहीं राघव कुर्ता-पायजामा व स्लीवलेस जैकेट पहने दिखे। दोनों ने इस दौरान मीडिया से दूरी बनाए रखी। उन्होंने गोल्डन टेंपल की परिक्रमा की और गुरुघर में माथा भी टेका।
राघव चढ्ढा व परणीति चोपड़ा की सगाई हो चुकी है। इसी सगाई की रस्म में शामिल होने के बाद अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह विवादों में घिरे थे और उन्हें अपना पद तक छोड़ना पड़ गया था। शनिवार को राघव चढ्ढा जब दरबार साहिब पहुंचे तो प्रोटोकॉल के अनुसार उनके साथ पुलिस व सुरक्षा कर्मी तो मौजूद थे लेकिन परंपरा के अनुसार एसजीपीसी की तरफ से उनका स्वागत नहीं किया गया। वह एक सामान्य श्रद्धालु की तरह ही दरबार साहिब में पहुंचे थे।
संजीव/दधिबल
