– मौसम अनुकूल होते ही एक साथ पहुंचे एक हजार सैलानी
कुशीनगर (हि.स.)। दक्षिण कोरिया से एक हजार सैलानियों के जनपद पहुंचते ही शनिवार को पर्यटन सेक्टर में गहमागहमी बढ़ गई। वर्तमान पर्यटन सीजन में जनपद आने वाले विदेशी सैलानियों का यह सबसे बड़ा दल है। जनवरी माह में पर्यटन बिल्कुल ठप रहा।
विभिन्न होटलों व बौद्ध विहारों में ठहरे सैलानियों के दल ने महा परिनिर्वाण मन्दिर में विशेष पूजा की। मन्दिर में सीमित स्थान होने के कारण दल ने कई भागों में बंटकर पूजन अर्चन दर्शन का कार्यक्रम पूर्ण किया। सैलानियों ने मन्दिर में स्थित 5वीं सदी की शयनमुद्रा वाली बुद्ध प्रतिमा पर चीवर अर्पित कर विश्व में शांति, खुशहाली व मानवता के कल्याण की कामना की।
बौद्ध भिक्षु अशोक ने सैलानियों का पूजन अर्चन सम्पन्न कराया। पर्यटक बुद्ध के शवदाह स्थल मुकुट बन्धन चैत्य भी गए। वहां भी पर्यटकों ने पूजन अर्चन किया। फरवरी माह में सैलानियों के कई दल जनपद आने की प्री बुकिंग कराई है। जिससे पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों में खुशी है।
गोपाल
