– भारतीय और वैश्विक बाजारों के लिए तैयार होगी गोला-बारूद की पूरी शृंखला
– उप्र के रक्षा औद्योगिक गलियारे में 1,500 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश
नई दिल्ली (हि.स.)। अडानी डिफेंस भारतीय और वैश्विक बाजारों के लिए गोला-बारूद की पूरी शृंखला बनाने के लिए दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा कारखाना कानपुर में लगाएगा। अडानी डिफेंस डीआरडीओ के साथ लंबी दूरी के निर्देशित बम, लंबी दूरी की एंटी-रेडिएशन मिसाइल और अत्यधिक घातक समुद्री-स्किमिंग एंटी-शिप मिसाइलों जैसी महत्वपूर्ण मिसाइल प्रणालियों पर भी काम कर रहा है।
अडानी डिफेंस ने घोषणा की है कि उत्तर प्रदेश के रक्षा औद्योगिक गलियारा में 1,500 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करके कानपुर में दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा एकीकृत गोला-बारूद बनाने का कारखाना लगाया जाएगा। यह कॉम्प्लेक्स भारतीय और वैश्विक बाजारों के लिए गोला-बारूद की पूरी शृंखला पेश करेगा, जिसमें छोटे कैलिबर गोला-बारूद के 200 मिलियन राउंड, मध्यम कैलिबर गोला-बारूद के 10 मिलियन राउंड और 155 मिमी बड़े कैलिबर गोला-बारूद के लिए एक लाख राउंड का निर्माण करने किये जाने की योजना है।
अडानी रक्षा और एयरोस्पेस कंपनी ने हैदराबाद और बेंगलुरु में एक मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र के माध्यम से मानव रहित प्रौद्योगिकियों के विकास का बीड़ा उठाया है, जिससे भारत को मानव रहित क्षेत्र में वैश्विक मानचित्र पर स्थान मिला। कंपनी ने भारत में मानव रहित प्रणालियों के आत्मनिर्भर डिजाइन और विकास के लिए भारतीय आपूर्तिकर्ताओं के पारिस्थितिकी तंत्र में एक व्यापक पेशकश विकसित की। साथ ही कंपनी महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों और प्लेटफार्मों, निर्माण में निवेश कर रही है। कंपनी के पास विश्व स्तर पर स्वीकृत प्रक्रियाओं, वर्कफ़्लो, गुणवत्ता प्रबंधन और शून्य दोष समय पर डिलीवरी करने की क्षमता है।
वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक अडानी डिफेंस डीआरडीओ के साथ लंबी दूरी के निर्देशित बम, लंबी दूरी की एंटी-रेडिएशन मिसाइल और अत्यधिक घातक समुद्री-स्किमिंग एंटी-शिप मिसाइलों जैसी महत्वपूर्ण मिसाइल प्रणालियों पर भी काम कर रहा है। अडानी डिफेंस और डीआरडीओ के सहयोग से विकसित सटीक निर्देशित मिसाइल प्रणाली इस बात का प्रमाण है कि सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की साझेदारी रक्षा निर्माण में क्रांति ला सकती है। अत्यंत कम दूरी की वायु रक्षा के लिए महत्वपूर्ण मिशन ने उड़ान परीक्षण पूरा कर लिया है, जिसका उत्पादन वित्त वर्ष 2023-24 में शुरू होने की उम्मीद है।
सुनीत/पवन
