– अटलांटिक में मोरक्को की नौसेना के साथ किया समुद्री साझेदारी अभ्यास
– सेनेगल के रास्ते में यह जहाज फ्रांस की नौसेना के साथ भी अभ्यास करेगा
नई दिल्ली(हि.स.)। भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस तरकश ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ हिस्से के रूप में 15 अगस्त को दक्षिण अमेरिका के रियो डि जेनेरो शहर में राष्ट्रीय ध्वज फहराएगा। इस जहाज ने भूमध्यसागरीय तैनाती पूरी करके अपनी लंबी दूरी की यात्रा जारी रखने के लिए अटलांटिक में प्रवेश कर लिया है। जहाज ने इस दौरान अटलांटिक में रॉयल मोरक्को की नौसेना के साथ एक समुद्री साझेदारी अभ्यास में भाग लिया।
नौसेना का युद्धपोत आईएनएस तरकश तीन दिवसीय यात्रा पर स्पेन गया था। स्पेन के वालेंसिया पोर्ट पर आईएनएस तरकश को आगंतुकों के लिए खुला रखा गया। स्पेनिश नागरिक और विशेष रूप से भारतीय मूल के लोग जहाज पर सवार होकर और उसके डेक पर चलकर बेहद खुश दिखे। जहाज के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन अब्राहम सैमुअल ने स्पेन के अधिकारियों से मुलाकात की। जहाज के चालक दल ने वालेंसिया पोर्ट और स्थानीय सेना संग्रहालय का भी दौरा किया।
आईएनएस तरकश ने तीन दिवसीय यात्रा के बाद 24 जुलाई को पोर्ट वालेंसिया से प्रस्थान किया। भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस तरकश ने स्पेन की यात्रा पूरी करने के बाद अटलांटिक महासागर में प्रवेश कर लिया है। अब यह जहाज ब्राजील के रियो डि जेनेरियो का दौरा करने के लिए दक्षिण अमेरिका की यात्रा पर है। रास्ते में युद्धपोत ने 26 जुलाई को रॉयल मोरक्को की नौसेना के साथ अटलांटिक में एक समुद्री साझेदारी अभ्यास में भाग लिया। इसमें मोरक्को के नेवल शिप हसन और एक फ्लोरियल क्लास कार्वेट ने हिस्सा लिया। सेनेगल के रास्ते में यह जहाज फ्रांस की नौसेना के साथ भी अभ्यास करेगा।
भारतीय नौसेना के निर्देशित मिसाइल युद्धपोत आईएनएस तरकश के साथ किए गए अभ्यासों में मैन ओवरबोर्ड ड्रिल, विजिट बोर्ड सर्च एंड सीजर ऑपरेशन, समुद्र में पुनःपूर्ति के लिए दृष्टिकोण, सामरिक युद्धाभ्यास और हेलीकॉप्टर क्रॉस डेक लैंडिंग शामिल थे। आईएनएस तरकश ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के हिस्से के रूप में 15 अगस्त को ब्राजील के रियो डी जेनेरो में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए दक्षिण अमेरिका जा रहा है। रियो डि जेनेरो दक्षिण अमेरिका का तीसरा सबसे अधिक जनसंख्या वाला शहर है।
सुनीत/पवन
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
