Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशदक्षिणी पश्चिमी हवाओं से बढ़ा पारा, गलन बरकरार

दक्षिणी पश्चिमी हवाओं से बढ़ा पारा, गलन बरकरार

– आगामी दिनों में आसमान में छाएंगे बादल, बढ़ेगा कोहरा

कानपुर (हि.स.)। नये साल के स्वागत में जहां लोग खुशियां मना रहे थे तो वहीं उसी समय उस दिन की सबसे सर्द रात हो गई। इसके साथ ही गलन और शीतलहरी के साथ नये साल ने स्वागत किया। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिणी पश्चिमी हवाओं से दिन और रात का पारा बढ़ा है, लेकिन गलन बरकरार रहेगी। यही नहीं आगामी दिनों में आसमान में बादल छाये रहेंगे और कोहरा भी तेजी से बढ़ेगा।

पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के साथ ही पहाड़ों से आ रही सर्द हवाएं ठंडक बढ़ा रही हैं। आसमान से बादल छंटना शुरू हुए तो पारा 9.4 डिग्री पहुंच गया। हालांकि शनिवार को न्यूनतम तामपान में बढ़ोत्तरी हुई। इसके पीछे यह कारण रहा कि दिन में आसमान में बादल छाये रहे। इससे कानपुर समेत यूपी के मैदानी इलाकों में कोहरे के साथ शीतलहर और गलन बढ़ रही है। मौसम वैज्ञानिकों ने नए साल के शुरुआती दिनों में पारा और गिरने के साथ ही कोहरा बढ़ने की संभावना जताई है। चार जनवरी के बाद आसमान साफ होने के बाद पाला गिरने की भी आशंका जताई जा रही है।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ हटने के बाद दक्षिणी-पश्चिमी सर्द हवाएं तेज होंगी और तापमान में और गिरावट आएगी। जैसे-जैसे आसमान साफ होगा, रात में कोहरा, धुंध और गलन बढ़ेगी। साल के पहले सप्ताह ज्यादा ठंड होने की उम्मीद है। उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं के साथ चक्रवाती परिसंचरण अपना असर दिखा रहा है। नए पश्चिमी विक्षोभ के चार जनवरी तक असर दिखाने की संभावना है। तब तक हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे। न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोत्तरी हो सकती है और दिन का तापमान गिरेगा।

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 21.0 और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 97 प्रतिशत और न्यूनतम 61 प्रतिशत दर्ज की गई। हवाओं की दिशाएं दक्षिण पश्चिम हो गई हैं जिनकी औसत गति 4.3 किमी प्रति घंटा रही। इस सप्ताह मध्य उत्तर प्रदेश के ब्लॉक एवं जिला स्तर पर आसमान में मध्यम से घने बादल छाए रहने के आसार हैं, किंतु बारिश की कोई संभावना नहीं है। तथा इस सप्ताह शीत लहर का प्रकोप जारी रहेगा साथ ही 1-3 जनवरी तक रात्रि एवं प्रातः काल के समय मध्यम से घना कोहरा छाये रहने के आसार हैं। ऐसे में किसानों को सलाह दी जाती है कि वे सिचाई, निराई-गुड़ाई एवं खरपतवार नाशी, कीटनाशी एवं रोग नाशी का छिड़काव करें।

अजय

RELATED ARTICLES

Most Popular