डीएम श्रुति व एसपी राजेश कुमार ने फरियादियों की सुनी समस्याएं
रोहित कुमार गुप्ता
उतरौला बलरामपुर। कोतवाली उतरौला में थाना समाधान दिवस में डीएम श्रुति ने राजस्व व पुलिस विभाग को संबोधित करते हुए कहा कि सार्वजनिक उपयोग वाली जमीनों पर अगर अवैध कब्जा हो तो उसका चिन्हांकन कर अधिकारियों को सूचित करें। तालाबों को मूल स्वरूप में बदलने के शासन व न्यायालय के आदेश पर अमल करें।
डीएम ने सभी बीट उपनिरीक्षकों को निर्देश दिया कि लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए शासन से जारी निर्देशों से हर धार्मिक स्थल के मुतवल्ली व धर्म गुरुओं को जानकारी दे दी जाए। एसपी राजेश कुमार सक्सेना ने कहा कि जमीनों पर कब्जे की व्यक्तिगत शिकायतों के निस्तारण के लिए पुलिसकर्मी बिना राजस्व विभाग के कोई निर्णय न करें।
सभी बीट आरक्षी अपने क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर, दुराचारी व आपराधिक छवि वाले लोगों पर पैनी नजर रखें। अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहनी चाहिए। समाधान दिवस में आई सभी छह शिकायतों के निस्तारण के लिए टीमों का गठन किया गया। पूर्व में लंबित छह मामले निस्तारित किए गए। सीओ उदयराज सिंह, प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह, रामनारायण समेत सभी चौकी प्रभारी व राजस्व निरीक्षक मौजूद रहे।
