Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशथाई पर्यटकों पर टिका बौद्ध सर्किट का पर्यटन सीजन

थाई पर्यटकों पर टिका बौद्ध सर्किट का पर्यटन सीजन

– सज-धजकर तैयार हुई होटलों की लाॅबी

कुशीनगर (हि.स.)। कोविड संक्रमण के कारण दो साल से ठप चल रहे बौद्ध सर्किट का पर्यटन इस सीजन में गति पकड़ सकता है। अक्टूबर से मार्च तक चलने वाले पर्यटन सीजन के दौरान विदेशी पर्यटकों की बुकिंग मिलनी शुरू होने से यह संभावना बढ़ गई है।

सर्वाधिक बुकिंग थाईलैंड के पर्यटकों की हो रही है। दूसरे नम्बर पर आंशिक रूप से कोरिया की बुकिंग है। दस दिवस के भीतर वियतनाम से सैलानियों के तीन ग्रुप और दक्षिणी कोरिया का एक ग्रुप बौद्ध सर्किट घूमकर लौट चुका हैं। अन्य देशों के पर्यटकों की भी बुकिंग मिलने के संकेत मिल रहे हैं।

बुकिंग को देखते हुए प्रबंधन ने कुशीनगर में स्थित होटलों को व्यवस्थित करना शुरू कर दिया है। लान, लाबी, हाल, रेस्टोरेंट, रूम आदि को रंग रोगन व साफ सफाई कर चमकाने के साथ स्टाफ भी काम पर बुलाए जाने लगे हैं। कुशीनगर के तीन थ्री स्टार स्तर के होटलों ने अपने सभी कर्मचारियों को काम पर बुला लिया है। होटल लॉट्स निक्को, इम्पीरियल, रायल रेजीडेंसी के प्रबंधन के अनुसार फिलहाल थाई सैलानियों के ग्रुप की बुकिंग मिली है।

कुशीनगर का पर्यटन सीजन 27 सितम्बर विश्व पर्यटन दिवस के दिन से शुरू हो जाएगा। अक्टूबर से मार्च तक चलने वाले पर्यटन सीजन सीजन के दौरान म्यांमार, वियतनाम, चीन, कोरिया, जापान, भूटान आदि देशों के 70 हजार से अधिक पर्यटक हर साल आते रहे हैं। किंतु कोविड के चलते पर्यटन उद्योग ठप पड़ा है। जिससे गाइड, होटल कर्मचारी, आर्ट क्राफ्ट, रेस्टोरेंट आदि से जुड़े रोजगार खत्म हो गए थे। सैलानियों के आने से अब फिर लोगों को रोजगार के पटरी पर आने की उम्मीद जग रही है।

रायल रेजीडेंसी के महाप्रन्धक (ऑपरेशन) पंकज सिंह का कहना है कि कोविड के बाद पर्यटन व्यवसाय पटरी पर लौट तो रहा है। किंतु यह अभी बहुत संतोषजनक नहीं है। अभी इस पर बहुत कार्य करने की जरूरत है। बौद्ध सर्किट का पर्यटन बौद्ध बहुल देशों पर टिका है। सरकार के स्तर पर पहल की जरूरत है।

बौद्ध भिक्षु अशोक, म्यांमार बौद्ध बिहार का कहना है कि एक माह के भीतर वियतनाम व कोरिया से कई पर्यटक समूह आ चुके। पर्यटक यहां से जाकर अपने देश में सन्देश देंगे कि बौद्ध सर्किट में सब ठीक है तो पर्यटक संख्या बढ़ेगी। किंतु इसी तरह की पहल अन्य देशों से भी होती तो स्थिति धीरे धीरे बेहतर होती।

गोपाल

RELATED ARTICLES

Most Popular