प्रादेशिक डेस्क
गाजियाबाद। टोक्यो पैरालिंपिक में सिल्वर मेडल जीतकर भारत लौटे गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई के स्वागत के लिए सोमवार को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नोएडा तक जगह-जगह लोग खड़े रहे। इस खास मौके पर पति का स्वागत करने के लिए कलक्ट्रेट में बैठक के बाद एडीएम प्रशासन ऋतु सुहास खुद भी एयरपोर्ट गईं। उन्होंने बताया कि पैरालिंपिक में खेलना सुहास का सपना था। इस सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की। बैडमिंटन में सिल्वर मेडल जीतकर उन्होंने देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने मेडल जीतने के लिए ईश्वर से कामना की थी। मनोकामना पूरी होने की खुशी में घर पर ही परिवार के साथ विशेष पूजा करेंगी। उनका कहना है कि ईश्वर ने न केवल उनकी मनोकामना पूरी की, बल्कि ऐसी खुशी दी है जिससे पूरा परिवार खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। परिवार के लोग, रिश्तेदार, शुभचिंतकों के साथ ही देशवासी बहुत खुश हैं। न केवल नोएडा, बल्कि गाजियाबाद के प्रशासनिक अधिकारियों के बीच भी खुशी का माहौल है। एडीएम ने कार्यालय में मिठाई बांटकर अधिकारियों के साथ पति की जीत की खुशियां साझा कीं। उधर, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष देवब्रत चौधरी सहित अन्य पदाधिकारियों ने एडीएम प्रशासन के माध्यम से एक बधाई पत्र भी जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर को भेजा है। देवब्रत चौधरी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का सम्मान बढ़ाया है। वहीं, नोएडा के डीएम सुहास एलवाई ने कहा कि जो प्यार, सम्मान और आशीर्वाद देशवासियों ने दिया है, मैं जिंदगीभर इसका शुक्रगुजार रहूंगा। हर इंसान का सपना होता है कि वह अपने देश का नाम दुनिया में रोशन करे। पिता की जीत से खुश सुहास एलवाई की बेटी सान्वी का कहना है कि पिता की जीत से बहुत उत्साहित हूं, बहुत अच्छा लग रहा है। बहुत दिन बाद पापा को देखा है। आज ऐसा लग ही नहीं रहा है कि घर है, ऐसा लग रहा है कि कोई ग्रांड जगह है। आज घर वाली फीलिंग नहीं आ रही है। पापा का मैच देखा था, काफी रोमांचित करने वाला था। पापा आइएएस हैं, मैं आइपीएस बनकर देश की सेवा करना चाहतीं हूं और देश के लिए मेडल जीतना चाहती हूं।

यह भी पढ़ें : कजरी तीज पर बंद रहेंगे शिव मंदिरों के कपाट, नहीं होगा जलाभिषेक
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
