Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशतेलंगाना पुलिस का सर्राफा बाजार में छापा, व्यापारियों का धरना

तेलंगाना पुलिस का सर्राफा बाजार में छापा, व्यापारियों का धरना

मेरठ (हि.स.)। तेलंगाना पुलिस ने मेरठ के सर्राफा बाजार में दबिश देने के विरोध में गुरुवार को व्यापारियों ने धरना दिया। व्यापारियों ने तेलंगाना पुलिस पर मेरठ के व्यापारी को फंसाने का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस से व्यापारी को क्लीन चिट मिलने पर ही धरना समाप्त करने की बात कही।

तेलंगाना पुलिस ने एक चोर को साथ लेकर बुधवार को मेरठ में सर्राफा बाजार में एक व्यापारी के यहां दबिश दी थी। तेलंगाना पुलिस ने बताया था कि 12 नवंबर को तेलंगाना में एक बड़ी चोरी हुई थी। उसमें फरीदपुर निवासी चोर नदीम को पुलिस ने दिल्ली से पकड़ लिया था। पुलिस का कहना है कि चोर ने बताया कि उसने 15 नवंबर को चोरी का 200 ग्राम सोना प्रकाश चंद राकेश कुमार के मालिक राकेश निवासी रेलवे रोड मेरठ को बेचा था। इसके बाद तेलंगाना क्राइम ब्रांच ने मेरठ की देहली गेट पुलिस के साथ सर्राफ राकेश के घर दबिश दी थी। इसके बाद से ही व्यापारियों का आंदोलन चल रहा है। मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय आनंद अग्रवाल ने कहा कि जब तक सर्राफा व्यापारी को पुलिस की क्लीन चिट नहीं मिल जाती है। तब तक वह धरना समाप्त नहीं करेंगे।

इसके विरोध में मेरठ के व्यापारियों ने बाजार बंद करके धरना दिया था। गुरुवार को भी व्यापारियों ने अपने बाजार बंद करके धरना दिया। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि तेलंगाना पुलिस उनका उत्पीड़न कर रही है। यहां के व्यापारी का कोई दोष नहीं है। संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष अजय गुप्ता नटराज ने कहा कि मेरठ के व्यापारियों का कोई दोष नहीं है। उनका उत्पीड़न नहीं किया जाना चाहिए। व्यापारी को क्लीन चिट मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। सर्राफा बाजार में पुलिस अधिकारी भी पहुंचे, लेकिन व्यापारी ने धरना समाप्त करने से मना कर दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular