Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशतेज हवाओं के साथ हो रही बारिश से किसानों के माथे पर...

तेज हवाओं के साथ हो रही बारिश से किसानों के माथे पर चिंता

झांसी(हि.स.)। रविवार की रात से तेज हवाओं के साथ शुरू हुई तेज बारिश से मौसम का मिजाज एक बार फिर परिवर्तित हो गया। जहां वर्षा के बाद मौसम में ठंडक आ गई। वहीं किसानों के लिए यह कहीं खुशी तो कहीं गम लेकर आई है। हालांकि पेट्रोल पम्प संचालकों के लिए यह बारिश भारी नुकसान लेकर आई।

पूर्वानुमान के अनुसार रविवार देर रात करीब 9 बजे तेज ठंडी हवाओं के साथ तेज बारिश शुरु हो गई। पूरी रात काले भूरे बादलों ने आसमान पर कब्जा जमाए रखा, बिजली की चमक और बादलों की गड़गड़ाहट ने लोगों में खौफ पैदा कर दिया। लगातार घण्टों हुई बारिश में एक बार फिर स्मार्ट सिटी की नालियों में उफान लाकर लोगों के घरों तक पानी को पहुंचा दिया और विकास की कलई खोल कर रख दी। वहीं दूसरी ओर जनपद में हुई तेज बारिश से किसानों को कहीं खासा नुकसान उठाना पड़ा तो कहीं बारिश ने उन्हें खुशहाल भी किया।

इस संबंध में किसान नेता गौरीशंकर बिदुआ ने बताया कि किसान की उरद और मूंगफली की फसल लगभग पककर तैयार हो चुकी थी। कुछ की मूंगफली उखड़ गई थी जो घर जा पहुंची है और खेत खाली पड़े थे। उन खेतों के लिए यह पानी अमृत के समान है तो कहीं पर उरद की कटी हुई फसल बर्बाद हो गई है। यही नहीं धान की फसल पककर तैयार थी, वह भी जमीन पर बिछ गई है।

बताया कि धान के फसल के सड़क पर बिछ जाने से उसका दाना पतला पड़ जाएगा। इसके अलावा तमाम खेतों में जिनमें उड़द की फसल थी, उनमें पानी भर जाने से फसल सड़ भी सकती है। इसके इतर पेट्रोल पंप संचालकों का भी करोड़ों का नुकसान हुआ है क्योंकि अब किसान को उनके डीजल पेट्रोल की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। ईश्वर ने किसान के खेत में बिना किसी डीजल पेट्रोल के ही पलेवा लगवा दिया है। साथ ही इस बार सारी जमीन की बुवाई होने के भी आसार इस बारिश के साथ जाग गए हैं। कुल मिलाकर किसानों को नुकसान कम और इस बारिश से फायदे ज्यादा हुए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular