राज्य डेस्क
जयपुर। राजधानी के चंदवाजी इलाके में ताला मोड़ के पास तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने बाइक से जा रहे नवदंपती को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। दोनों की 14 दिन पहले 30 नवंबर को शादी हुई थी। बेकाबू बस डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई, जिसमें बस सवार 15 यात्री जख्मी हो गए। इस दर्दनाक हादसे में शाहपुरा के खोरी रोड निवासी महेश कुमार यादव (22) और उनकी पत्नी संजना (20) की मौत हो गई। महेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि गंभीर रुप से जख्मी संजना की दो घंटे बाद अस्पताल में मौत हुई। महेश और संजना की 14 दिन पहले ही शादी हुई थी। नवदंपती सोमवार दोपहर को जैतपुर खींची में रहने वाली अपनी बुआ के यहां जा रहा था।
यह भी पढ़ें : सड़क हादसे में एक की मौत, तीन घायल
हादसे में मारा गया महेश सात बहनों का इकलौता भाई था। 6 बहनें उससे बड़ी और एक छोटी है। सभी बहनों की शादी हो चुकी है। महेश की शादी से तीन दिन पहले यानी 27 नवंबर को उसकी तीन बहनों की शादी हुई थी। वहीं, संजना के भाई की शादी 7 दिसंबर को हुई थी। ऐसे में दोनों परिवारों में अभी खुशियों का माहौल था। महेश अभी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। उसके पिता शंभूदयाल यादव हलवाई का काम करते हैं। हादसे की खबर सुनते ही बड़ी संख्या दोनों परिवार के लोग निम्स अस्पताल पहुंच गए। यहां पर बेटे और बहू की मौत की खबर सुनकर पिता शंभुदयाल बार-बार बेसुध हो रहे थे। उन्हें रिश्तेदार संभालते रहे। यही हाल संजना के पिता जगदीश प्रसाद का भी रहा।
यह भी पढ़ें : स्कार्पियो से टकराई बाइक, जीजा-साली की दर्दनाक मौत

