कानपुर (हि.स.)। जनपद में शनिवार देर शाम से शुरू हुई बारिश रविवार को भी जारी रही। सुबह शुरू हुई तेज बारिश के चलते कई स्थानों पर जल भराव देखने को मिला। जगह-जगह वाहनों के लम्बी-लम्बी कतार से शहरवासी जाम से जुझते रहे। सुबह करीब साढ़े 5 बजे शुरू हुई बारिश रूक-रूक कर जारी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह आठ बजे तक 12.5 मिमी0 बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि शनिवार को 3.4 मिमी. बारिश दर्ज की गई थी। आज बारिश से मरियमपुर रोड, विजय नगर, गल्ला मंडी, शास्त्री नगर, किदवई नगर, गोविंद नगर मार्केट, जूही खलवा पुल, सर्वाेदय नगर, आरटीओ रोड, भौंती बाईपास, हर्ष नगर, बेनाझाबर, हैलट अस्पताल परिसर समेत कई इलाकों में पानी भर गया। जलभराव के चलते लोगों को आने-जाने में काफी मुश्किलें हो रही हैं।
हैलट अस्पताल में घुसा बारिश का पानी
बारिश की वजह से हैलट अस्पताल भी जलभराव से अछूता नहीं रहा। अस्पताल के आकस्मिक कक्ष के बाहर ही बारिश का पानी भर गया। जलभराव की वजह आकस्मिक वार्ड में आने वाले मरीजों के साथ उनके तीमारदारों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ठंडी हवाओं ने लोगों को उमस भरी गर्मी से दी राहत
तेज बारिश के साथ ही चली ठंडी तेज हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दी है। विजिबिलिटी भी बेहद कम हो गई है। सुहाना मौसम और बारिश का आनंद लेने के लिए युवाओं की टोली शहर के मार्गाें पर दिखे।
सोमवार को भी बारिश की संभावना
चन्द्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौमस विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि 15 अगस्त के दिन भी बारिश की सभांवना बनी हुई है। मौसम अब ऐसे ही बना रहेगा। हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। वहीं अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री तक पहुंच गया है।
राम बहादुर
