Friday, March 13, 2026
Homeअन्यतेजस एक्सप्रेस में रक्षाबंधन पर महिला यात्रियों को पांच प्रतिशत कैशबैक देने...

तेजस एक्सप्रेस में रक्षाबंधन पर महिला यात्रियों को पांच प्रतिशत कैशबैक देने की तैयारी

लखनऊ (हि.स.)। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) रक्षाबंधन के त्योहार के दौरान तेजस एक्सप्रेस में महिला यात्रियों को 05 प्रतिशत कैशबैक ऑफर देने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए एक प्रस्ताव नई दिल्ली मुख्यालय भेजा गया है। हालांकि मुख्यालय से अभी तक इस प्रस्ताव को अनुमति नहीं मिली है। इस बार रक्षाबंधन का त्योहार 11 अगस्त को है।

आईआरसीटीसी लखनऊ से नई दिल्ली के बीच अप-डाउन में देश की पहली कॉरपोरेट ट्रेन तेजस एक्सप्रेस का संचालन करता है। तेजस एक्सप्रेस में यात्रियों की कम संख्या को देखते हुए इस बार रक्षाबंधन के त्योहार के दौरान एक सप्ताह तक तेजस एक्सप्रेस में महिला यात्रियों को पांच प्रतिशत कैशबैक ऑफर देने की तैयारी की जा रही है।

आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय मुख्यालय की ओर से रक्षाबंधन के त्योहार के दौरान महिला यात्रियों को पांच प्रतिशत कैशबैक ऑफर देने के लिए नई दिल्ली स्थित मुख्यालय को एक प्रस्ताव भेजा गया है। हालांकि मुख्यालय से अभी तक इस प्रस्ताव को अनुमति नहीं मिली है। प्रस्ताव पर अनुमति मिलने पर तेजस एक्सप्रेस में महिला यात्रियों के सफर करने पर उनके टिकट पर पांच प्रतिशत कैशबैक की सुविधा दी जाएगी। जिस क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड से आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर तेजस एक्सप्रेस का ई-टिकट बनेगा, उसी खाते में यह कैशबैक वापस किया जाएगा।

आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा का कहना है कि तेजस एक्सप्रेस की चेयरकार में कैशबैक ऑफर मिलने से महिला यात्रियों का सफर सस्ता हो जाएगा। यह प्रस्ताव महिला यात्रियों के साथ सेना के जवानों और अधिकारियों के लिए भी होगा। फिलहाल प्रस्ताव पर मुख्यालय की अनुमति का इंतजार है। अनुमति नहीं मिलने पर महिला यात्रियों को विशेष उपहार दिए जाएंगे।

दीपक

RELATED ARTICLES

Most Popular