Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेश तीन वर्षों बाद त्रिशला में बिखरे होली के रंग, सीपी बच्चों ने...

 तीन वर्षों बाद त्रिशला में बिखरे होली के रंग, सीपी बच्चों ने मचाया धमाल

-‘होली के रंग त्रिशला के संग’ का आयोजन

प्रयागराज (हि.स.)। विगत तीन वर्षों के बाद इस वर्ष त्रिशला फाउंडेशन का होली मिलन समारोह रविवार को कर्नलगंज इंटर कॉलेज मैदान में धूमधाम से मनाया गया। संस्था के अध्यक्ष डॉ जितेन्द्र कुमार जैन ने बताया कि कोरोना के कारण विगत तीन वर्षो से सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों को अस्थाई रूप से स्थगित कर दिया गया था। इस वर्ष त्रिशला का खास कार्यक्रम “होली के रंग त्रिशला के संग” का एक बार पुनः आयोजन किया गया।

डॉ जैन ने अगामी योजनाओं एवं सी.पी विलेज के कार्य में प्रगति के बारे में लोगों को जानकारी दी। उन्होनें इस आयोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुये कहा कि ऐसे समारोहों से इन बच्चों के साथ ही उनके अभिभावकों का भी मनोबल बढ़ता है। वहीं, संस्था की सचिव डॉ वारिदमाला जैन ने कहा कि दिव्यांगजनों को त्योहारों में हिस्सेदारी कराना समाज का दायित्व है।

इस समारोह में खास तौर पर सेरेब्रल पालसी से प्रभावित बच्चें व उनके अभिभावकों ने अबीर गुलाल उड़ाते हुए बृज में खेली जाने वाली होली का आनंद उठाया व गीतों पर जमकर मस्ती की और साथ ही साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किये। समारोह में होली के रंगों की फुहार और फूलों की बारिश के बीच मस्ती करते इन बच्चों के लिए आज का दिन बेहद खास बन गया।

त्रिशला फाउंडेशन में इलाज कराने आये बांग्लादेश और नेपाल के विदेशी मेहमानो ने भी इस समारोह में होली के रंगों का जमकर आनंद उठाया। होली मिलन समारोह में बच्चों के चेहरों पर खुशी देखकर उनके अभिभावक भी खुशी से झूम उठे और उन्होंने बच्चों के साथ मिलकर खूब धूम मचाई। अबीर गुलाल से सजे माहौल में सेरेब्रल पालसी से प्रभावित बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां कर समारोह में उपस्थित लोगों को भाव विभोर कर दिया।

इस होली मिलन समारोह में भारत के विभिन्न राज्यों की छवि देखने को मिली। कार्यक्रम में अलग-अलग राज्यों से आये परिवारों ने राज्य के परम्परागत नृत्य की प्रस्तुति कर अपने-अपने राज्यों की संस्कृति को दर्शाया। त्रिशला फाउंडेशन के थेरेपिस्टों ने पारम्परिक ढोल मजीरों के साथ होली पर लोक गीत गाये। इस मौके पर बच्चों के रंग गुलाल से खेलने के साथ ही उन पर बरस रहीं फूलों की पंखुड़ियों ने एसा अहसास करवाया मानो प्रकृति भी झूम रही हो इन नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ। कार्यक्रम में संस्था के कोषाध्यक्ष रमाशंकर श्रीवास्तव, न्यासी डॉ. ए.एन वर्मा, एस.एन गुप्ता एवं त्रिशला फाउंडेशन की पूरी टीम उपस्थित रही।

विद्या कान्त

RELATED ARTICLES

Most Popular