लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा कि आज जहां भाजपा जीत कर इतरा रही है, वहीं तीन राज्यों में पिछली बार हमने सरकार बनायी थी और लोकसभा चुनाव में हार गये। लोकसभा चुनाव से विधानसभा का चुनाव अलग होता है। कांग्रेस हारी है, उसके कारणों पर समीक्षा चल रही है लेकिन लोकसभा का चुनाव हम जीतेंगे।
अजय राय ने कहा कि अभी हुए चुनावों में हमारी हार भले हुई है लेकिन मत प्रतिशत में हम अच्छी स्थिति में हैं। हमारा केंद्रीय नेतृत्व हार के कारणों की समीक्षा कर रहा है। उसके अनुसार आगे की रणनीति बनायी जाएगी। हमारे कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटा नहीं हुआ है। हम अराजकता और देश तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार लड़ते रहेंगे।
पत्रकारों से मुखातिब होने से पहले उन्होंने प्रदेश के नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ एक बैठक की। उस बैठक में उन्होंने पदाधिकारियों में जोश भरते हुए कहा कि हम पहले की अपेक्षा और दोगुने रफ्तार से लड़ेंगे। सरकार की कुनीतियों और कांग्रेस की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का काम करेंगे। पद तो आता-जाता रहता है। हमें कांग्रेस के लिए दिन-रात एक कर देना है। ताकि आने वाले लोकसभा चुनाव में हम प्रदेश में भी अपनी पहचान बना सकें।
उपेन्द्र/दिलीप
