Sunday, April 12, 2026
Homeराष्ट्रीयतीन माह पहले मौत को गले लगा चुके इंडियन बैंक के कैशियर...

तीन माह पहले मौत को गले लगा चुके इंडियन बैंक के कैशियर के खिलाफ 2.39 करोड़ हेराफेरी का मामला दर्ज

बांदा (हि.स.)। जनपद बांदा के नरैनी थाना क्षेत्र में इंडियन बैंक में हुई हेरा फेरी का बड़ा मामला सामने आया है। इसमें हैरान करने वाली बात यह है कि 2.39 करोड़ की हेराफेरी में डिप्टी मैनेजर के साथ बैंक कैशियर के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया गया है। जबकि इस कैशियर की तीन माह पहले ही मौत हो चुकी है। उसने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

जनपद के नरैनी कस्बे में स्थित इंडियन बैंक की शाखा नरैनी में झांसी निवासी अभिषेक चौधरी कैशियर के पद पर तैनात थे और इसी कस्बे में किराए के मकान मैं रहते थे। चार अगस्त 2022 को अभिषेक चौधरी का शव कमरे में फांसी पर लटका हुआ मिला था। पुलिस ने इस मामले को आत्महत्या के रूप में दर्ज किया था और अब इंडियन बैंक के शाखा प्रबंधक सुधीर कुमार पांडे की तहरीर पर पुलिस ने बैंक शाखा के डिप्टी मैनेजर और दिवंगत कैशियर के खिलाफ हेरा-फेरी का मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस को दी तहरीर में बताया गया है कि अग्रणी जिला प्रबंधक विनय कुमार पांडेय ने तत्कालीन शाखा प्रबंधक सहित अधिकारियों व कर्मचारियों की मौजूदगी में चेस्ट वालेट खोलकर जांच की थी। इसमें 2.39 करोड़ रुपये कम मिले थे। हमीरपुर के वरिष्ठ प्रबंधक रंजीत कुमार ने जांच के बाद मामले में रिपोर्ट भेजी थी। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार शुक्ला ने बताया कि शाखा प्रबंधक सुधीर कुमार पांडेय की तहरीर पर तत्कालीन सहायक शाखा प्रबंधक छत्रपाल कुशवाहा और दिवंगत कैशियर अभिषेक कुमार चौधरी के खिलाफ मुकरमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी द्वारा की जाएगी।

अनिल

RELATED ARTICLES

Most Popular