Sunday, April 12, 2026
Homeखेलतीन दिन तक प्रतिबंधित रहेंगे भारी वाहन

तीन दिन तक प्रतिबंधित रहेंगे भारी वाहन

– होली और शब-ए-बारात के मद्देनजर लिया गया निर्णय

मुरादाबाद (हि.स.)। महानगर में होली और शब-ए-बारात पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए यातायात पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है। मंगलवार 7 मार्च को सुबह 6 बजे से 9 मार्च को रात्रि 10 बजे तक महानगर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा सात और आठ मार्च को कुछ रूटों पर हल्के वाहनों को भी बदले मार्ग से गुजारा जाएगा। पास धारक भारी माल वाहक वाहन 7 मार्च को दोपहर दो बजे तक चल सकेंगे।

पुलिस अधीक्षक यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि त्योहारों पर मुरादाबाद में जाम की समस्या से निपटने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए यह डायवर्जन प्लान जारी किया गया है। आवश्यकता के अनुसार डायवर्जन प्लान और समय में परिवर्तन भी किया जा सकेगा। एसपी ट्रैफिक ने कहा कि डायवर्जन प्लान के अनुसार ही वाहन चालक आवागमन कर सकेंगे। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। एसपी ट्रैफिक ने लोगों से अपील की है कि त्योहार पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं। नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़े जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि रामपुर और बरेली की ओर से मुरादाबाद आने वाले वाहन हनुमान मूर्ति से पंडित नगला बाईपास होकर आएंगे और इसी रास्ते वापस जाएंगे। दिल्ली की ओर से मुरादाबाद आने वाले भारी वाहन लाकड़ी से आरटीओ ऑफिस, पंडित नगला होते हुए हनुमान मूर्ति की तरफ से जाएंगे। संभल और बिलारी की ओर से मुरादाबाद आने वाले भारी वाहन कोहिनूर तिराहे से पंडित नगला बाईपास होते हुए हनुमान मूर्ति के रास्ते जाएंगे। बिजनौर की ओर से आने वाले भारी वाहन शेरूआ चैराहे से टीएमयू कट होते हुए बरेली, रामपुर, और दिल्ली की तरफ जाएंगे। जिन वाहनों को काशीपुर ठाकुरद्वारा जाना होगा, वह वाहन कोठीवाल डेंटल तिराहा से होकर जाएंगे। उन्होंने बताया कि महानगर के अंदर संभल चौराहा डबल फाटक और गलशहीद चौराहा से ईदगाह की तरफ केवल पैदल यात्री या दो पहिया वाहन वाले ही जा सकेंगे। अन्य सभी प्रकार के वाहन यहां प्रतिबंधित रहेंगे।

निमित जायसवाल

RELATED ARTICLES

Most Popular