Tuesday, March 31, 2026
Homeराष्ट्रीयतीनों सेना प्रमुखों ने चीन को एक सुर में बताया कठिन चुनौती,...

तीनों सेना प्रमुखों ने चीन को एक सुर में बताया कठिन चुनौती, मुकाबले को तैयार

– हर वक्त तैयार रहने का सबक मिला, बुनियादी ढांचे में सुधार जरूरी: जनरल पांडे

– भारत की भूमि सीमाओं के अलावा समुद्री क्षेत्र में भी उपस्थिति बढ़ाई: डॉ. हरि कुमार

– हमारे पड़ोस में माहौल सुरक्षित नहीं, हाइब्रिड जंग के लिए तैयार रहें: वीआर चौधरी

नई दिल्ली (हि.स.)। तीनों भारतीय सेनाओं के प्रमुखों ने पूर्वी लद्दाख में ढाई साल से चल रहे गतिरोध के बीच चीन को एक सुर में कठिन चुनौती बताया है। सेना प्रमुख ने माना कि पूर्वी लद्दाख से हर वक्त तैयार रहने का सबक मिला है, इसलिए बुनियादी ढांचे में सुधार करना जरूरी है। वायुसेना प्रमुख ने पड़ोस में माहौल सुरक्षित न होने का हवाला देकर हाइब्रिड जंग के लिए तैयार रहने के लिए आगाह किया है। नौसेना प्रमुख ने भी चीन को कठिन चुनौती बताते हुए कहा कि उसने न केवल भारत की भूमि सीमाओं पर बल्कि समुद्री क्षेत्र में भी अपनी उपस्थिति बढ़ा दी है।

यह संयोग ही है कि सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, वायु सेना प्रमुख एयर मार्शल वीआर चौधरी और नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने एक ही दिन तीन अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर पूर्वी लद्दाख में ढाई साल से चल रहे गतिरोध के बीच चीन को एक सुर में कठिन चुनौती बताया है। सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने कहा कि पूर्वी लद्दाख में सीमा पर गतिरोध से हर वक्त उच्च स्तर की तैयारी रखने और बुनियादी ढांचे में सुधार करने का सबक मिला है। सेना प्रमुख ‘इंडिया डिफेंस कॉन्क्लेव’ में एक सवाल के जवाब में स्पष्ट किया कि उत्तरी सीमा के साथ अरुणाचल में भी बुनियादी ढांचे को सुधारना होगा।

जनरल पांडे ने कहा कि गोगरा-हॉट स्प्रिंग में पीपी-15 से सैनिकों के हटने के बावजूद अभी भी गतिरोध वाले दो बिंदु देप्सांग और डेमचोक बचे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे यकीन है कि हम इनका भी समाधान निकाल लेंगे। सेना प्रमुख ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

इंडिया डिफेंस कॉन्क्लेव में ही भारतीय वायु सेना प्रमुख ने कहा कि हमारे पड़ोसी देशों में सुरक्षा का आदर्श वातावरण नहीं है। ऐसे में हमें हमेशा हाईब्रिड युद्ध के लिए तैयार रहना चाहिए। मौजूदा हालात में देश को कई तरह के खतरों का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में हाइब्रिड युद्धों में माहिर होना बड़ी चुनौती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि वर्तमान के राजनीतिक माहौल को देखते हुए भारतीय वायु सेना के लिए पारंपरिक, उप-पारंपरिक और गैर-पारंपरिक डोमेन में अपनी क्षमताओं को बढ़ाना महत्वपूर्ण है। हमारे दुश्मन कई क्षेत्रों में अपनी क्षमताएं बढ़ा चुके हैं, जो हमारे खिलाफ उपयोग हो सकती हैं। जरूरी नहीं कि यह युद्ध में हो, शांतिकाल में भी हो सकता है।

इसी तरह राजधानी दिल्ली में आयोजित ‘इंडिया’ज नेवल रिवोल्यूशन: बिकमिंग एन ओसीन पावर’ कार्यक्रम में नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने चीन को कठिन चुनौती बताते हुए कहा कि उसने न केवल भारत की भूमि सीमाओं पर बल्कि समुद्री क्षेत्र में भी अपनी उपस्थिति बढ़ा दी है।

नौसेना प्रमुख ने आगे कहा कि ये पारंपरिक सैन्य चुनौतियां हर वक्त बनी रहती हैं। इसके साथ ही आतंकवाद एक प्रमुख सुरक्षा खतरा बना हुआ है। ऐसे में इन अदृश्य दुश्मनों से एक कदम आगे रहकर लगातार नई-नई रणनीतियां अपनाना बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना 2047 तक जहाजों और पनडुब्बियों के उत्पादन से लेकर कल-पुर्जों एवं हथियारों तक पूरी तरह ‘आत्मनिर्भर’ हो जाएगी। हमारे पास एक पूर्ण स्वदेशी नौसेना होगी, चाहे वह जहाज हो, पनडुब्बी, विमान, मानव रहित प्रणाली या हथियार आदि। उन्होंने कहा कि हम पूरी तरह से ‘आत्मनिर्भर’ नौसेना होंगे। हम यही लक्ष्य बना रहे हैं।

सुनीत

RELATED ARTICLES

Most Popular