बांदा (हि.स.)। ऐतिहासिक भूरागढ़ दुर्ग और शहर को आपस में जोड़ने वाले केन नदी पर बने सड़क पुल पर खनिज न्यास के जरिए स्ट्रीट लाइट लगाई गई है। प्रदेश के जल शक्ति राज मंत्री रामकेश निषाद ने बटन दबाकर तिरंगा स्ट्रीट लाइट का लोकार्पण किया। बटन दबाते ही पूरा पुल तिरंगा लाइट से जगमगा उठा। इसके बाद वहां उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्ट्रीट लाइट स्वागत किया। स्ट्रीट लाइट को लगाने में 53.13 लाख रुपये का खर्च आया है। पुल पर कुल 54 स्ट्रीट तिरंगा लाइटें लगाई गयी हैं।
इस मौके पर जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने कहा कि कई दशक पहले से बांदा विकास से अछूता था। जब से प्रदेश में योगी आदित्यनाथ और देश में नरेंद्र मोदी की सरकार आई है। तब से देश विकास के मार्ग पर चल पड़ा है। इसी कड़ी में छोटे और अविकसित शहरों का भी विकास किया जा रहा है। जिलाधिकारी के नेतृत्व में जनपद को सुंदर व स्वच्छ बनाने का अभियान चल रहा है। इसी क्रम में शहर के विभिन्न चौराहों, कस्बा, नगरों और गांवों का तेज गति से विकास चल रहा है। इसी विकास के अभियान में केन नदी के पुल पर स्ट्रीट लाइट लगाई गई है। जिससे यह पुल जो हमेशा अंधेरे में रहता था, अब जगमगएगा। जिसे देखकर शहर के लोग भी अपने आपको गौरवान्वित महसूस करेंगे। जल्द ही बांदा भी नोएडा,गाजियाबाद,कानपुर, लखनऊ और प्रयागराज की तरह जगमगाएगा। केन नदी पर स्ट्रीट लाइट के शुभारंभ के साथ ही यहां का अंधेरा दूर हो गया है। इससे घटना-दुर्घटना पर रोक लगेगी।
बुन्देलखण्ड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष अयोध्या सिंह पटेल ने कहा कि हमारे जनपद के समस्त अधिकारी कर्मचारी जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में बहुत मेहनत एवं लगन से वास्तव में कार्य कर रहे हैं। इस मौके पर जिला अधिकारी अनुराग पटेल ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी शहर को खूबसूरत शहर के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया था। जिसका जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने 6 महीने पहले शिलान्यास किया गया था। इसके बाद आज जिला खनिज न्यास से खूबसूरत तिरंगा लाइटों का लोकर्पण किया गया है। इस पुल पर हेवेल्स की ब्रान्डेड 54 तिरंगा लाइटें लगायी गयी हैं। दो साल इनका वारंटी पीरियड है और इसका संचालन नगर पालिका बांदा के द्वारा किया जायेगा। इसी तरह शहर के हर चौराहे को सुंदर बनाने और विकसित करने के लिए हम लोग कार्य करते रहेंगे।
अनिल
