Tuesday, March 3, 2026
Homeव्यापारतालिबान ने अफगानिस्तान से भारत में आयात पर लगाया बैन, निर्यात जारी:...

तालिबान ने अफगानिस्तान से भारत में आयात पर लगाया बैन, निर्यात जारी: फियो

-फियो के डायरेक्टर जनरल ने कहा, भारत से निर्यात फिलहाल जारी लेकिन आयात पर प्रतिबंध

नई दिल्ली (हि.स.)। अफगानिस्तान की सत्ता पर काबिज होने के बाद तालिबान ने भारत से होने वाले निर्यात को जारी रखा है लेकिन अफगानिस्तान से भारत में होने वाले आयात पर रोक लगा दी है। फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन (फियो) के डायरेक्टर जनरल डॉ. अजय सहाय ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की।

हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में डॉ. अजय सहाय ने कहा कि अफगानिस्तान से भारत में होने वाले सभी तरह के आयात पर तालिबान सरकार ने रोक लगा दी है। लेकिन, भारत से अफगानिस्तान को किया जाने वाला निर्यात फिलहाल जारी है। उन्होंने बताया कि अफगानिस्तान और भारत के बीच सीधे व्यापार नहीं होता बल्कि अफगानिस्तान के चमन और तोरखाम से अटारी बॉर्डर, दुबई और ईरान के जरिए भारत में सामान अफगानिस्तान से आता है, जिसे फिलहाल रोक दिया गया है। भारत से अफगानिस्तान को जाने वाले सामान यानी निर्यात पर फिलहाल कोई रोक नहीं है।

गौरतलब है कि भारत ने अफगानिस्तान में लगभग 3 अरब डॉलर (22,251 करोड़ रुपए) का निवेश किया है। अशरफ गनी सरकार के कार्यकाल में भारत और अफगानिस्तान के रिश्ते बेहद मधुर हो गए थे। इस बीच नई दिल्ली ने अफगानिस्तान में कई विकास परियोजनाओं को आकार दिया था, लेकिन अब पहले जैसे रिश्ते रहने की उम्मीद बेहद कम है।

उल्लेखनीय है कि भारत, अफगानिस्तान को चीनी, फार्मास्यूटिकल्स, चाय, कॉफी, मसाले और ट्रांसमिशन टावर्स का निर्यात करता है। वहीं, अफगानिस्तान से ड्राई फ्रूट्स और प्याज जैसी चीजों का आयात होता है। हालांकि, यह उम्मीद जताई गई है कि जल्द ट्रेड संबंधी गतिविधियों को शुरू किया जाएगा क्योंकि दोनों देशों के लिए ये जरूरी और फायदेमंद है।

RELATED ARTICLES

Most Popular