कानपुर(हि.स.)। बाबूपुरवा थाना क्षेत्र के चालीस दुकान बाजार में स्थित शनिवार सुबह टट्टर से बनी रेडीमेड कपड़ों की चार दुकानों में लगी भीषण आग से लाखों की सम्पत्ति जलकर खाक हो गई। सूचना पर दो दमकल गाड़ियों के साथ अग्नि शमन दल के लोग पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया। हालांकि आग से जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने की वजह खम्भें के तारों में हो रही स्पार्किंग बताया जा रहा है।
किदवई नगर एच ब्लाक निवासी विभोर श्रीवास्तव की बाबूपुरवा कालोनी में स्थित चालीस दुकान बाजार में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। वह प्रतिदिन की भांति शुक्रवार रात दुकान बढ़ाकर घर चला गया। शनिवार सुबह करीब पांच बजे बाजार के कुछ लोगों ने बताया कि बिजली के खंभे में तारों में स्पार्किंग हो रही थी, जिससे तेज आवाज आई और चिनगारी दुकानों में पहुंच गई और दुकानों में भीषण आग लग गई।
आग की खबर मिलते ही वह मौके पर पहुंचा तो उसकी दुकान धू-धूकर चल रही थी। आग की लपटों ने पास में स्थित उमेश गुप्ता, रईसुद्दीन उर्फ लाला की कपड़ों की दुकान और मेवालाल की पान की दुकान को अपने आगोश में ले लिया। आग विकराल होती देख स्थानीय लोगों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। आग की खबर मिलतेे ही बाबूपुरवा थाने की पुलिस और दमकल की दो गाड़ी लेकर मौके पर पहुंची और किसी तरह आग पर काबू पाने में कामयाब हो गए है।
भीषण आग पर लगभग एक घंटे के अन्दर अथक प्रयास के बाद काबू पा लिया गया,लेकिन तबतक चारों दुकानों में रखा लाखों का रेडीमेड कपड़ा जलकर स्वाहा हो गया। क्षेत्र के व्यापारियों ने बताया कि यहां प्रत्येक वर्ष दुकानों में आग लगती है, जिससे लाखों का नुकसान होता है।
राम बहादुर
