Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेश तापमान बढ़ने से गलन से मिली राहत, बारिश के बने आसार

 तापमान बढ़ने से गलन से मिली राहत, बारिश के बने आसार

कानपुर (हि.स.)। गंगा के मैदानी क्षेत्र कानपुर में बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के साथ पश्चिमी विक्षोभ के जरिये हवाएं आ रही हैं। इससे मॉस्चर फीड बन रहा है और आसमान में बादल छाए हुए हैं। इन बादलों की वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है और लोगों को गलन भरी सर्दी से राहत मिल रही है। 23 जनवरी से बारिश के भी आसार बन रहे हैं।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू कश्मीर पर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में देखा जा सकता है। प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है। 23 जनवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करना शुरू कर देगा। इससे कानपुर सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश के आसार बन रहे हैं। अगर पूरे देश की बात की जाये तो अगले 24 घंटों के दौरान 22 जनवरी तक गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख और जम्मू कश्मीर में हल्की बारिश और हिमपात जारी रह सकता है। 23 और 27 जनवरी के बीच पश्चिमी हिमालय पर एक और ताजा पश्चिमी विक्षोभ बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां तेज करेगा। उस अवधि के दौरान व्यापक बारिश और हिमपात होगा। 24 और 25 जनवरी को बारिश और हिमपात की तीव्रता सबसे अधिक होगी। 23 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, कानपुर मण्डल सहित पूरे उत्तर प्रदेश, दिल्ली और उत्तरी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश की उम्मीद है। 24 और 25 जनवरी को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब के कुछ हिस्सों, हरियाणा और उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि की संभावना है।

कानपुर में अधिकतम तापमान 24.0 और न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 94 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 52 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रही जिनकी औसत गति 2.6 किमी प्रति घंटा रही।

अजय सिंह

RELATED ARTICLES

Most Popular