आगरा : अखिल भारत हिंदू महासभा ने सावन के तीसरे सोमवार पर ताजमहल में रुद्राभिषेक करने का एलान किया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई। पुलिस ने संगठन के पदाधिकारियों को घर में नजरबंद कर दिया। इस संबंध में सीओ सदर अर्चना सिंह ने बताया कि संगठन द्वारा ताजमहल में रुद्राभिषेक करने के एलान पर यह कार्रवाई की गई है। संगठन से जुड़े लोगों की निगरानी की जा रही है। नियम विरुद्ध कोई भी कार्य नहीं होने दिया जाएगा।
अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने ताजमहल को तेजोमहालय बताते हुए घोषणा की थी कि वे लोग सोमवार को ताजमहल पर परिक्रमा करने के बाद रुद्राभिषेक करेंगे। इस पर पुलिस सुबह ही पदाधिकारियों के घर पहुंच गई। संगठन की पदाधिकारी मीना दिवाकर और जितेंद्र कुशवाह को घर में नजरबंद किया गया। वहीं, ताजगंज क्षेत्र में हिंदूवादी नेता अवतार सिंह गिल को भी नजरबंद कर दिया।
