सब रजिस्ट्रार की कार्रवाई पर लगाए प्रश्नचिन्ह
झांसी(हि. स.)। तहसील सदर के उप निबंधक कार्यालय में बीते रोज जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण के दौरान पकड़े गए 9 लोगों में से दो को छोड़ने पर शुक्रवार को जमकर बवाल हुआ। सुबह से ही तहसील अधिवक्ताओं व दस्तावेज लेखकों ने कार्य बहिष्कार करते हुए हड़ताल कर दी। नाराज वकीलों ने सब रजिस्ट्रार पर गम्भीर आरोप लगाते हुए उनके द्वारा दी गयी तहरीर पर सवाल उठाए। वहीं तहसील में काम ठप होने से सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है़जबकि इस मामले में सब रजिस्ट्रार द्वितीय विवेक श्रीवास्तव ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
गुरुवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने सब रजिस्ट्रार कार्यालय में औचक निरीक्षण करते हुए दफ्तर में अनधिकृत रूप से मौजूद 9 लोगों को पुलिस के हवाले कर दिया था। इसके बाद सब रजिस्ट्रार ने तहरीर देते हुए सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया, जबकि दो लोगों को छोड़ दिया गया। इससे नाराज वकीलों व दस्तावेज लेखकों ने सुबह से कार्य बहिष्कार कर हड़ताल शुरू कर दी । उनका आरोप था कि जिन लोगों के नाम तहरीर में नहीं दिए गए, वह सब रजिस्ट्रार के लिए दलाली करते हैं। अधिवक्ता संजय बाजपेयी व दीपक सेन ने सब रजिस्ट्रार पर दलाली को बढ़ावा देने के आरोप लगाते हुए कहा कि जिलाधिकारी को अंधेरे में रखकर खेल किया गया है। इसके इतर रजिस्ट्री कार्य न होने के चलते सरकार को भी लाखों के राजस्व की चपत लगी, ऐसी संभावना जताई जा रही है।
महेश
