Sunday, April 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशतरौंहा पम्प कैनाल नदारद, कागजों में चल रही नहर

तरौंहा पम्प कैनाल नदारद, कागजों में चल रही नहर

चित्रकूट (हि.स.)। जिला मुख्यालय की तरौंहा पम्प कैनाल नदारद है। कागजों में ये नहर धडल्ले से चल रही है। विभागीय लापरवाही के चलते पूरी नहर पर लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। विभाग कागज में नहर दौड़ा रहा है।

बुन्देली सेना जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने गुरुवार को बताया कि तरौंहा से निकलकर कर्वीमाफी तक पम्प कैनाल सड़कों किसानों को खुशहाल करती थी। आलम ये है कि दो-तिहाई नहर आज नदारद है। लोगों ने नहर पर धडल्ले से अवैध कब्जा कर लिया है। विभागीय अधिकारी आंखे मूंदे हैं। नहर टेल तक पहुंचती तो सोनेपुर व कर्वीमाफी के सैकड़ों किसान लाभान्वित होते।

अधिकारी कागज में नहर को दौड़ाये पड़े हैं। धरातल पर नहर ही गायब है। जिले की तमाम नहरों की अभी तक शिल्ट सफाई नहीं हुई है। बिना शिल्ट सफाई के नहरों के टेल तक पानी पहुंचना असम्भव है। पांच नवम्बर से नहरों में पानी छोड़ना प्रस्तावित है। विभाग सुस्ती की राह चल रहा है। बुन्देली सेना ने जिलाधिकारी से मांग किया है कि नहरों की शिल्ट सफाई कराकर तरौंहा पम्प कैनाल से अवैध कब्जे हटाये जायें। बछरन और आसपास के गांवों में अन्ना जानवरों की समस्या दूर की जाये।

RELATED ARTICLES

Most Popular