झांसी(हि. स.)। इन दिनों सोशल मीडिया पर अपना अपना अंदाज दिखाने का ट्रेंड चल रहा है। यही नहीं युवाओं में असलहों के साथ अपना वीडियो वायरल करने की भी अंधी होड़ लगी हुई है। ऐसे ही एक बिगड़ैल युवक का अवैध असलहा के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
सजा हुआ बेडरूम, हाथ में तमंचा, मुंह पर मास्क और गैंगस्टर वाला अंदाज। यह कोई फिल्मी स्टोरी नहीं बल्कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की हकीकत है। बताया जा रहा है कि वीडियो जनपद के सकरार थाना क्षेत्र के ग्राम संतपुरा निवासी मुकेश कुशवाहा पुत्र प्रकाश कुशवाहा का है। जिस पर कई अपराधिक मामले भी दर्ज हैं। हालांकि फिर भी इसकी पुष्टि अभी तक पुलिस ने नहीं की है। इसके द्वारा क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से असलहों का प्रदर्शन किया जा रहा है। उसका असलहा लेकर वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। फिलहाल उक्त युवक सकरार पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
महेश
