Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशतमंचे की नोक पर बाइक सवार बदमाशों ने 18 लाख रुपये लूटकर...

तमंचे की नोक पर बाइक सवार बदमाशों ने 18 लाख रुपये लूटकर फरार

फतेहपुर (हि.स.)। जिले में मंगलवार को तीन बाइकों में सवार होकर आये छह हथियारबंद बदमाशों ने फ्लिपकार्ट आफिस में लगभग 18 लाख रुपये की लूट को अंजाम देकर फरार हो गये। सूचना पर मौके पर पहुँची पुलिस पूछताछ करने के बाद घटना की जांच कर रही है। सदर कोतवाली क्षेत्र सिविल लाइन में जिलाधिकारी व एसपी आवास के बीच स्थित फ्लिपकार्ट ऑफिस पर बदमाशों के 18 लाख से अधिक की लूट से इलाके में सनसनी फैल गई है।

मैनेजर विकास ने बताया कि वह लोग काम खत्म करके सामान और कैश की पैकिंग कर रहे थे तभी बाइक सवार तीन से चार लोग अचानक ऑफिस में घुस आए। कुछ लोग बाहर थे। बदमाशों ने सीधे तमंचा तान दिया और गोली मारने की धमकी देते हुए सारा कैश मांगा। दहशत में उन्होंने बदमाशों को कैश दे दिया। बदमाश करीब 18 लाख 81 हजार रुपये लूटकर भाग निकले। उन्होंने मामले की सूचना 112 नंबर पर दी।

सूचना पर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह, सीओ सिटी दिनेश चंद्र मिश्रा, एसओजी, कोतवाल अमित मिश्रा समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सीसीटीवी की जांच पड़ताल शुरू की है।

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि लूट की घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के साक्ष्य जुटाकर पुलिस जांच कर रही है। बदमाश तीन बाइकों में सवार होकर आये थे। बदमाशों की संख्या चार से छह बताई जा रही है। शीघ्र बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जायेगा।

देवेन्द्र

RELATED ARTICLES

Most Popular