Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशढाई लाख के इनामी बद्दो के साथी डिपिन सूरी की सवा करोड़...

ढाई लाख के इनामी बद्दो के साथी डिपिन सूरी की सवा करोड़ की संपत्ति कुर्क

मेरठ (हि.स.)। पुलिस कस्टडी से फरार ढाई लाख के इनामी बदन सिंह बद्दो को पुलिस पकड़ नहीं पा रही है, लेकिन उसके करीबियों पर पुलिस ने दबाव बनाना शुरू कर दिया है। बुधवार को पुलिस ने बद्दो के करीबी डिपिन सूरी की लगभग सवा करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर ली। इस दौरान तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही।

मेरठ पुलिस कस्टडी से 2019 में फरार हुए बदन सिंह बद्दो पर ढाई लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस अभी तक उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई है, लेकिन उसकी करोड़ों रुपये की संपत्ति को जब्त किया जा चुका है। अब बद्दो के करीबी लोगों पर पुलिस ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। बद्दो के करीबी डिपिन सूरी की गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति को कुर्क करने के लिए बुधवार को पुलिस ने कार्रवाई की।

एएसपी ब्रह्मपुरी विवेक चंद यादव के नेतृत्व में तीन थानों की फोर्स सुपरटेक पामग्रीन में डिपिन की संपत्ति को कुर्क करने के लिए पहुंची। एएसपी ने डिपिन के फ्लैट संख्या 1001ए पर सील लगा दी। इससे पहले पुलिस ने कुर्की का नोटिस लगाया था। नोटिस लगने के बाद ही डिपिन के परिवार ने सारा कीमती सामान फ्लैट से निकाल लिया। कुर्की के समय केवल खाली फ्लैट पुलिस को मिला।

कुर्की के समय डिपिन की मां सुमन सूरी, बड़े भाई विनित सूरी और पत्नी नेहा सूरी मौजूद रहे। मां सुमन सूरी ने कुर्की की कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने कहा कि सवा करोड़ की इस संपत्ति में डिपिन सूरी का कोई हिस्सा नहीं है। इसके बाद भी पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की है। इसका विरोध किया जाएगा।

एएसपी विवेक चंद यादव ने बताया कि बद्दो की फरारी में डिपिन सूरी ने अहम भूमिका निभाई थी। उसके खिलाफ भी गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। अब बद्दो के करीबी पपीत बढ़ला की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई शुरू होगी।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular