Sunday, March 29, 2026
Homeउत्तर प्रदेशढाई घंटे की बारिश में स्मार्ट सिटी हुआ पानी-पानी

ढाई घंटे की बारिश में स्मार्ट सिटी हुआ पानी-पानी

-हर जगह जल भराव से जन जीवन अस्त व्यस्त

गाजियाबाद(हि.स.)। मूसलाधार बारिश के बाद दिल्ली से सटे स्मार्ट सिटी गाजियाबाद शहर में जगह-जगह जल जमाव हो गया। शहर के न केवल निचले इलाकों में बल्कि सामान्य क्षेत्र में भी जलभराव हो गया। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

गाजियाबाद नगर निगम की एक टीम जलभराव के बाद पानी की निकासी के लिए मशक्कत करती रही। हिंडनपार के जीटी रोड स्थित अर्थला मैट्रो स्टेशन के आस-पास सडक पर जलभराव के चलते जाम के हालात बने रहे। जलभराव के कारण जगह-जगह जाम भी लग गया। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में बहुत कठिनाई हुई।

जाम के कारण वाहनों की कतार नए बस अडडे तक पहुंच गई। राजनगर एक्टेंशन एवं क्रासिंग के निकट भी वाहन चालकों को जाम की समस्या से दो चार होना पडा। जाम के चलते एम्बुलेंस चालकों को भी रास्ता नहीं मिल पा रहा था। जीटी रोड पर लगे जाम के परिणाम स्वरूप वाहन चालक हिंडन नदी के रास्ते की राह पकडते हुए दिखाई दिए। हालांकि उन्हें इस मार्ग पर भी जाम की समस्या से दो चार होना पडा। कई इलाकों में लोगों के घरों में भी पानी प्रवेश करने की शिकायतें मिलीं।

लाइन पार के दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस-वे से लगे इलाकों में सबसे ज्यादा भयावह हालात उत्पन्न हुए। सुबह करीब आठ बजे से आरंभ हुई बरसात से दो पहिया वाहन चालक सुरक्षित स्थान खोजते हुए दिखाई दिए। बरसात के चलते सडकें जलमग्न हो गईं। नगर निगम के जलकल विभाग के महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी ने कहा कि पानी निकासी के लिए 30 से ज्यादा स्थानों पर पंप लगाए गए हैं। शहर के विभिन्न हिस्सों में पानी निकासी के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मेरठ रोड तिराहे पर भी पानी निकासी के लिए पंप लगाया गया है।

-इन इलाकों में हुआ जल भराव

गौशाला अंडर ब्रिज, मेट्रो स्टेशन, पटेल नगर, घंटाघर, रमतेराम रोड, पटेल नगर,शालीमार गार्डन, नवयुग मार्किट, आदि।

फरमान अली/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular