बागपत (हि.स.)। बड़ौत तहसील क्षेत्र के जनता वैदिक इंटर कालेज में बोर्ड परीक्षा की कापी की सुरक्षा में लगी ड्यूटी के समय शराब पीने पर एसपी नीरज कुमार जादौन ने हेड कांस्टेबल धनवीर सिंह को निलंबित किया।
एसपी नीरज कुमार जादौन ने बुधवार को बताया कि हेड कांस्टेबल धनवीर सिंह की बड़ौत के जनता वैदिक इंटर कालेज में बोर्ड परीक्षा की कापी सुरक्षा में ड्यूटी लगी थी। हेड कांस्टेबल धनवीर सिंह ने ड्यूटी के समय ही शराब का सेवन किया। चेकिंग की गई तो इसका पता चला। इस संबंध में बड़ौत कोतवाली के क्राइम इंस्पेक्टर चंद्रकांत यादव ने रिपोर्ट सौंपी। घोर लापरवाही मानते हुए हेड कांस्टेबल धनवीर सिंह को निलंबित किया गया। उन्होंने समस्त पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ऐसा कोई भी कृत्य न करें, जो विधि विपरीत हो। इस तरह का कृत्य या तथ्य संज्ञान में आने पर संबंधित के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
गौरव कुमार
