वाराणसी (हि.स.)। सिगरा थाना क्षेत्र के संत रघुवर नगर कॉलोनी में कैंसर विशेषज्ञ डॉ. सपना गुप्ता दत्ता को मौत के घाट उतारने वाले सगे देवर अनिल कुमार दत्ता की बुधवार की देर रात कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। अनिल ब्लड प्रेशर और मधुमेह से पीड़ित रहा। हालत बिगड़ने पर कारागार प्रशासन ने उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया था। पुलिस ने पंचनामा आदि के कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कांग्रेस के पूर्व विधायक स्व. डॉ रजनीकांत दत्ता का संत रघुवर नगर कॉलोनी में मकान है। बीते 21 जुलाई को संपत्ति विवाद में डॉ दत्ता के मझले पुत्र अनिल ने अपने बड़े भाई डॉ. अंजनी कुमार दत्ता की पत्नी डॉ. सपना के सिर पर हथौड़े और कैंची से वार कर उनकी हत्या कर दी थी। इसके बाद थाने में जाकर खुद आत्म सर्मपण कर दिया था। पूछताछ में अनिल ने बताया था कि भाभी डॉ. सपना नपुंसक कहते हुए उसे ताना मार रही थीं। इसी बात पर गुस्से में उनकी हत्या कर दी। अनिल के मेडिकल स्टोर में काम करने वाले रौशन को भी वारदात में सहयोग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था । वारदात के बाद 22 जुलाई को उसे जेल भेज दिया गया। उच्च रक्तचाप और मधुमेह से पीड़ित अनिल जेल में भी गुमसुम रहता था। परिवार के किसी सदस्य ने भी उससे जेल में मुलाकात नहीं की थी। इससे वह अवसाद में आ गया था। तबियत खराब होने पर जेल के अस्पताल में ही भर्ती करके उसका इलाज चल रहा था। बुधवार की शाम हालत बिगड़ने पर उसे मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
