-21 शिक्षक-शिक्षिकाओं को किया गया सम्मानित
प्रयागराज (हि.स.)। शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर दांदूपुर स्थित समदरिया स्कूल एवं लोक संस्कृति विकास संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में सर्व पल्ली डॉक्टर राधाकृष्णन की जयंती मनाई गई। मुख्य अतिथि सर्वेश्वरी पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज की प्राचार्या डॉ. कविता मिश्रा ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन एक महान दार्शनिक स्टेट्समैन व बुद्धिजीवी थे, लेकिन इन सबसे बढ़कर एक असाधारण शिक्षक भी थे। शिक्षा जगत में उनकी सेवाएं व योगदान शिक्षकों के लिए विशेष अनुकरणीय हैं।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उच्च शिक्षा संवर्ग इकाई प्रयागराज के अध्यक्ष डॉ. मणि शंकर द्विवेदी ने अध्यक्षता करते हुए कहा कि भारतीय शिक्षा और दर्शन के लिए समर्पित डॉ. राधाकृष्णन निष्काम कर्मयोगी थे, उनका आदर्श जीवन भारतीयों के लिए ही नहीं अपितु सम्पूर्ण मानवता के लिए प्रेरणा स्रोत है।
इन्द्रकली स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ मधुकराचार्य त्रिपाठी ने डॉक्टर राधाकृष्णन के बहुआयामी व्यक्तित्व की चर्चा करते हुए उन्हें भारतीय संस्कृति का संवाहक बताया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए 21 शिक्षक-शिक्षिकाओं को पुष्पगुच्छ और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
अतिथियों का स्वागत पी.के तिवारी एवं संचालन शरद मिश्र तथा आभार ज्ञापन एम.पी सिंह ने किया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत एवं लोक नृत्य भी प्रस्तुत किये गये। कार्यक्रम में डॉ प्रदीप शर्मा, डॉ अखिलेश द्विवेदी, डॉ विक्रम शुक्ल, डॉ सुनीता खरे, जे.एन पाण्डेय, रणबहादुर सिंह, सुमन, सरला, प्रियंका जायसवाल, नीतू सिंह, शालिनी जायसवाल, विनोद यादव, नसीम और बृजलाल आदि उपस्थित रहे।
