Friday, April 10, 2026
Homeअन्यडॉ. मनमोहन सिंह अणुव्रत पुरस्कार से सम्मानित

डॉ. मनमोहन सिंह अणुव्रत पुरस्कार से सम्मानित

नई दिल्ली/बीकानेर (हि.स.)। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को आज अणुव्रत विश्व भारती द्वारा अणुव्रत पुरस्कार प्रदान किया गया।

नेशनल मीडिया इंचार्ज अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी धर्मेंद्र डाकलिया के अनुसार इस अवसर पर डॉ. मनमोहन सिंह की धर्मपत्नी गुरशरण कौर, अणुविभा अध्यक्ष संचय जैन, ट्रस्टी तेजकरण सुराणा एवं महामंत्री भीखम सुराणा उपस्थित थे। अणुव्रत कार्यकर्ताओं ने डॉ. मनमोहन सिंह को अणुविभा की विभिन्न प्रवृतियों व प्रकाशनों की जानकारी दी व साहित्य भेंट किया।

डॉ. सिंह लम्बे समय से सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर रह रहे हैं एवं मुलाकात नहीं कर रहे हैं। डाकलिया के अनुसार संचय जैन ने कहा कि आचार्य तुलसी द्वारा प्रवर्तित अणुव्रत आंदोलन संयम, सादगी और प्रामाणिकता को प्रतिष्ठापित करने वाला आंदोलन है और डॉ. मनमोहन सिंह का जीवन इन मूल्यों का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने इस अवसर पर प्राप्त अणुव्रत अनुशास्ता आचार्य श्री महाश्रमण का मंगल संदेश पढ़कर सुनाया। आचार्यश्री ने डॉ. मनमोहन सिंह के प्रति मंगलकामना व्यक्त करते हुए कहा कि वे खूब चित्त समाधि में रहते हुए नैतिक मूल्यों के प्रसार में अपनी शक्ति का नियोजन करते रहें।

ट्रस्टी तेजकरण जैन ने अणुव्रत व अणुव्रत पुरस्कार की पृष्ठभूमि बताते हुए कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने सार्वजनिक जीवन में रहते हुए भी व्यक्तिगत शुचिता और सादगी का उदाहरण प्रस्तुत किया है। महामंत्री भीखम सुराणा ने प्रशस्ति पत्र का वाचन किया और अणुविभा के कार्यक्रमों की जानकारी दी।

राजीव/ ईश्वर

RELATED ARTICLES

Most Popular