Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशडॉक्टरों-तीमारदारों के बीच मारपीट की जांच के आदेश

डॉक्टरों-तीमारदारों के बीच मारपीट की जांच के आदेश

-उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट मांगी

प्रयागराज (हि.स.)। स्वरूपरानी अस्पताल में डॉक्टरों एवं मरीज के परिजनों से हुई मारपीट मामले को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गम्भीरता से लिया है। उन्होंने प्रधानाचार्य, मेडिकल कॉलेज एसपी सिंह को घटना में शामिल डॉक्टरों को तत्काल नोटिस देने व एक कमेटी गठित कर पूरे मामले की जांच कराकर दोषी चिकित्सकों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही का आदेश दिया है।

मिर्जापुर से इलाज कराने एसआरएन आई पुष्पा को दीपावली के पहले भर्ती कराया गया था। अल्ट्रासाउंड में पता चला कि पित्त की थैली में पथरी है। इसके बाद महिला को सर्जरी विभाग में भेज दिया गया। अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे दीपावली बाद बुलाया। गुरुवार को सर्जरी होनी थी, लेकिन ऑपरेशन नहीं हो सका। उसके परिजनों का आरोप था कि दूसरा नम्बर होने के बाद भी सर्जरी नहीं की गई। इसके बाद परिजन मरीज को रेफर करने की मांग करने लगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया और मारपीट होने लगी। मारपीट की जानकारी होने पर करीब 12 जूनियर डॉक्टर मौके पर पहुंच गए और तीमारदारों की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान एक तीमारदार का सिर भी फट गया।

सूचना मिलने के बाद कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। तीमारदार उनसे मदद की गुहार लगाने लगे। पुलिस ने किसी प्रकार मरीज और तीमारदारों को सुरक्षित अस्पताल से निकालकर एम्बुलेंस से रवाना कर दिया। इस घटना को संज्ञान में लेते हुए उपमुख्यमंत्री ने एक ट्वीट कर इस संबंध में जानकारी देते हुए विस्तृत रिपोर्ट एक सप्ताह के अंदर प्रस्तुत करने के आदेश दिये हैं।

विद्या कान्त

RELATED ARTICLES

Most Popular