-उच्चस्तरीय टीम-9 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देश
लखनऊ, (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को टीम-9 की बैठक में कहा कि सतत प्रयासों से उत्तर प्रदेश में कोविड पर प्रभावी नियंत्रण बना हुआ है। 24 करोड़ की आबादी वाले प्रदेश में आज मात्र 85 कोरोना एक्टिव केस हैं। 44 जिलों में एक भी एक्टिव केस नहीं है। विगत 24 घंटे में हुई एक लाख 78 हजार 229 सैम्पल की टेस्टिंग में तीन जिलों में मात्र तीन नए संक्रमित मरीज पाए गए। जबकि 23 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए। वर्तमान में प्रदेश में एक्टिव कोविड केस की संख्या 85 रह गई है। 16 लाख 87 हजार 85 प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड प्रोटोकॉल के अनुपालन के लिए लोगों को जागरूक किया जाए।
कहा कि प्रदेश में अब तक 12 करोड़ 32 लाख से अधिक कोविड वैक्सीन डोज लगाए जा चुके हैं। नौ करोड़ 48 लाख लोगों को पहली डोज मिल चुकी है। दो करोड़ 83 लाख से अधिक लोगों ने टीके की दोनों डोज प्राप्त कर ली है। इस प्रकार 19.26 फीसदी से अधिक लोग पूरी तरह टीकाकवर प्राप्त कर चुके हैं। 64.35 फीसदी से लोगों ने कम से कम एक डोज लगवा ली है। वैक्सीन की उपलब्धता बनाए रखने के लिए भारत सरकार से सतत संवाद-संपर्क बनाए रखें।
अलीगढ़, अमरोहा, औरैया, बदायूं, बागपत, बलिया, बलरामपुर, बाराबंकी, बस्ती, बहराइच, बिजनौर, चित्रकूट, देवरिया, एटा, इटावा, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, फिरोजाबाद, गोंडा, हमीरपुर, हरदोई, हाथरस, झांसी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, कासगंज, कौशाम्बी, कुशीनगर, लखीमपुर-खीरी, ललितपुर, महराजगंज, महोबा, मैनपुरी, मीरजापुर, मुरादाबाद, प्रतापगढ़, रायबरेली, सीतापुर, रामपुर, संतकबीरनगर, शामली, श्रावस्ती, सोनभद्र और उन्नाव में कोविड का एक भी मरीज शेष नहीं है। यह जनपद आज कोविड संक्रमण से मुक्त हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डेंगू, कॉलरा, मलेरिया आदि की समस्या से पीड़ित लोगों के समुचित उपचार की व्यवस्था बनाए रखी जाए। सभी प्रभावित जिलों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भेजी जाए। अस्वस्थ लोगों के उपचार के लिए सभी अस्पतालों में प्रबंध किए गए हैं। सर्विलांस को बेहतर करते हुए हर एक मरीज के स्वास्थ्य की सतत निगरानी की जाए। बचाव के लिए व्यापक स्वच्छता, सैनिटाइज़ेशन और फॉगिंग का कार्य सतत जारी रखें।
