नई दिल्ली (हि.स.)। दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने आयोग में क्राइसिस इंटरवेंशन सेंटर (सीआईसी) कार्यक्रम में कार्यरत एक काउंसलर के साथ मोबाइल छीनने की घटना को लेकर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। डीसीडब्ल्यू के सीआईसी कार्यक्रम के साथ काम करने वाली एक काउंसलर ने आयोग में शिकायत दर्ज करवाई। 30.11.2022 को, सीआईसी द्वारा सौंपे गए आधिकारिक कार्य के तहत काउंसलर एक शिकायतकर्ता से मिलने सीलमपुर पुलिस स्टेशन गई थी।
इसके बाद यौन उत्पीड़न एक पीड़िता की सहायता के लिए थाने से जग प्रवेश चंद्र अस्पताल जाने के लिए एक ई-रिक्शा लिया। उसने बताया कि जब वह शास्त्री पार्क रोड के पास पहुंची तो बाइक सवार तीन लोगों ने उस पर हमला कर दिया और उसका फोन छीनने की कोशिश की।
जब उसने विरोध किया, तो उसे रिक्शे से बाहर खींच लिया मगर उसके पैर चलते रिक्शे में फंसे रह गए जिससे वह जमीं पर घिसट गयी। इससे उन्हें कई चोटें आई हैं। घटना के बाद रिक्शा चालक उसे शास्त्री पार्क थाने ले गया, जहां से उसे जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया और उसकी एमएलसी कराई गई।
डीसीडब्ल्यू में काम करने वाली काउंसलर अक्सर विषम परिस्थितियों में काम करती हैं और उन्हें अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ती है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था कि एक काउंसलर जिसे यौन हिंसा की पीड़िता की सहायता करने के लिए नियुक्त किया गया था, उस पर खुद हमला हो गया और उसे अस्पताल ले जाना पड़ा।
स्वाति मालीवाल ने शास्त्री पार्क थाने के एसएचओ को नोटिस जारी कर कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने मामले में की गई गिरफ्तारियों के विवरण के साथ प्राथमिकी की प्रति मांगी है। इसके अलावा, आयोग ने यह भी पूछा है कि क्या काउंसलर का फोन ढूंढ लिया गया है और उसे वापस दे दिया गया है।
अश्वनी
