Tuesday, April 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशडीपीआरओ का चालक और उसका दोस्त लूटते थे बाइक और मोबाइल

डीपीआरओ का चालक और उसका दोस्त लूटते थे बाइक और मोबाइल

-चोरी की छह मोटरसाइकिल और आठ मोबाइल बरामद

-नकली पिस्तौल के सहारे लूट की घटना को देते थे अंजाम

भदोही (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की भदोही पुलिस ने वाहन चोरी मामले में बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की मोटरसाइकिल, आठ मोबाइल और एक नकली रिवाॅल्वर बरामद किया है। बाइक चोरी करने वाले एक आरोपित ने खुद को भदोही जिला पंचायत राज अधिकारी का चालक बताया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक आरके वर्मा के अनुसार वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के पुलिस राष्ट्रीय राजमार्ग पर चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान इन लोगों को उपरौठ नहर पुलिया से गिरफ्तार किया गया। औराई थाना परिसर में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए वर्मा ने बताया कि इसी थाने के उपरौठ गांव निवासी धीरज दुबे और कार्तिक दुबे बाइक उड़ाने का काम करते थे। धीरज ने खुद को भदोही जिला पंचायत राज अधिकारी का चालक बताया है। उसने बताया कि वह जिला मुख्यालय ज्ञानपुर स्थित डीपीआरओ का वाहन चालक है। कार्तिक नकली रिवाॅल्वर दिखाकर बाइक और मोबाइल उड़ाता था और धीरज उसे बाइक पर बैठा कर फरार हो जाता था।

अपर पुलिस अधीक्षक के अनुसार धीरज दूबे और कार्तिक अक्सर आपस में मिलते थे। दोनों आपस में शराब का सेवन करते थे और बाद में अपने मंजिल पर निकल पड़ते थे। जनपद के ज्ञानपुर , गोपीगंज , माधोसिंह , घोसिया , औराई ,भदोही , चील्ह आदि स्थानों पर अकेला व्यक्ति देखकर पिस्तौल दिखाकर उसका मोबाइल छीन कर भाग जाते थे। लूटने का काम कार्तिक करता था और धीरज दुबे उसे भगाने में सहयोग करता था। भदोही जिला पंचायत राजधिकारी से जब संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि अभी मैं साक्षात्कार में हूं ,बाद में बात करूंगा।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार आरोपित मोटरसाइकिल की भी चोरी करते थे। भीड़-भाड़ वाले स्थान पर निगाह लगाए रहते। जैसे कोई व्यक्ति अपनी बाइक खड़ी कर किसी दुकान पर सामान लेने जाता, मौका देखकर उसकी मोटरसाइकिल उड़ा देते। गाड़ी चोरी करने के बाद उसे कुछ दिन घर में रखते । बाद में नम्बर प्लेट बदल कर चलाते अथवा फर्जी कागज बनवाकर बेच देते। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई छह मोटरसाइकिल और आठ मोबाइल के साथ एक नकली पिस्तौल भी बरामद की है। आरोपितों के खिलाफ औराई थाने में इसके पूर्व भी कई मुकदमे दर्ज हैं। घटना का राज पास करने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने पुरस्कृत करने की घोषणा भी की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular