Tuesday, February 10, 2026
Homeराज्य डीन से जबरन शौचालय साफ कराने में शिंदे गुट के सांसद के...

 डीन से जबरन शौचालय साफ कराने में शिंदे गुट के सांसद के खिलाफ केस दर्ज

मुंबई(हि.स.)। नांदेड़ जिले के नांदेड़ ग्रामीण पुलिस स्टेशन में शंकरराव चव्हाण अस्पताल के डीन (प्रमुख) से सांसद हेमंत पाटिल के जबरन अस्पताल का शौचालय साफ कराने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अस्पताल के डीन ने शिंदे गुट के सांसद हेमंत पाटिल के विरुद्ध बुधवार को मामला दर्ज करवाया है। इस घटना के विरोध में अस्पताल के सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों में आक्रोश है और वे अस्पताल परिसर में प्रदर्शन कर रहे हैं।

शिंदे गुट के सांसद हेमंत पाटिल ने शंकरराव चव्हाण अस्पताल में 48 घंटे में 31 मरीजों की मौत के बाद मंगलवार को अपने कुछ कार्यकर्ताओं के साथ अस्पताल का दौरा किया था। आरोप है कि इस दौरान अस्पताल का शौचालय गंदा देखकर सांसद पाटिल ने अस्पताल के डीन डॉ. श्याम वाकोड़े से जबरन शौचालय साफ करवाया था। इस घटना के विरोध में बुधवार को डीन वाकोडे ने सांसद पाटिल और उनके कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ नांदेड़ ग्रामीण पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कराया है। डीन ने सांसद पर उनके साथ बदतमीजी भी करने का आरोप लगाया है। डॉ. श्याम वाकोड़े की शिकायत पर नांदेड़ ग्रामीण पुलिस स्टेशन में हेमंत पाटिल और 10 से 15 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की गहन छानबीन जारी है। इस घटना के विरोध में अस्पताल के सभी डॉक्टर और कर्मचारी अस्पताल परिसर में हेमंत पाटिल की गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया। हेमंत पाटिल हिंगोली संसदीय सीट से शिंदे समूह के सांसद हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार नांदेड़ के शंकरराव चव्हाण अस्पताल में मरीजों की मौत मामले की उच्चस्तरीय जांच का आदेश मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दिया है। इसलिए अस्पताल में मरीजों की मौत मामले की भी जांच की जा रही है।

राजबहादुर//सुनील

RELATED ARTICLES

Most Popular